दिल्ली नगर निगम की महापौर शैली ओबेरॉय की लापरवाही के कारण चूड़ीवालान में इमारत ढह गई : भाजपा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि दिल्ली की महापौर डॉ. शैली ओबेरॉय की लापरवाही के कारण ही पुराने शहर के 3765 गली अखाड़ा, चूड़ीवालान में इमारत ढह गई।
श्री कपूर ने कहा है कि 2 सप्ताह पहले मैंने महापौर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर खतरनाक इमारतों का तत्काल सर्वेक्षण करने और सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की थी।
मैंने चेतावनी दी थी कि इस साल की असाधारण गर्मी में पुरानी जर्जर इमारतों में दरारें पड़ रही हैं और अगामी मानसून में यह बहुत घातक साबित हो सकता है।
खतरनाक इमारतों का सर्वेक्षण करने का आदेश देने के बजाय महापौर ने मीडियाकर्मियों को गुमराह किया कि सर्वेक्षण चल रहा है और सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि महापौर को दिल्लीवासियों को जवाब देना चाहिए कि यदि सर्वेक्षण चल रहा था तो चूड़ीवालान में आज ढही पुरानी मस्जिद को क्यों नहीं चिन्हित किया गया था।

महापौर को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और एमसीडी को आसपास की इमारतों को हुए नुकसान की भरपाई करनी चाहिए।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने आयुक्त एमसीडी से आग्रह किया है कि वे खतरनाक इमारतों के लिए तुरंत विशेष सर्वेक्षण का आदेश दें और मानसून से पहले इमारतों की मरम्मत करने के इच्छुक लोगों को दिशा-निर्देश जारी करें।



