उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

कांग्रेस का न्याय-पत्र देश की आवाज है : राहुल गाँधी 

खरगे बोले- कांग्रेस का घोषणा पत्र किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और वंचित तबकों के विकास के बंद दरवाजे खोलेगा 

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के लिए नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस पार्टी का घोषणा पत्र जारी करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि घोषणा पत्र देश के राजनीतिक इतिहास में न्याय के दस्तावेज के रूप में याद किया जाएगा। घोषणा पत्र किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और वंचित तबकों के विकास के बंद दरवाजे खोलेगा।

इस दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के चेयरमैन मंत्री पी चिदंबरम, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

खरगे ने कहा कि घोषणा पत्र व्यापक जन भागीदारी और संपर्क करने के बाद बना है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में चली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में पांच स्तंभों पर ध्यान केंद्रित किया गया था। यात्रा के दौरान  युवा, किसान, नारी, श्रमिक और हिस्सेदारी न्याय की घोषणा की गई थी। इन पांच स्तंभों पर 25 गारंटियों का विवरण विस्तार से घोषणा पत्र में है। घोषणा पत्र को बारीकी से देखने पर इसमें भविष्य के भारत की शानदार तस्वीर नजर आएगी। आजादी के बाद से 1951-52 के चुनावों से राजनीतिक दल घोषणा पत्र जारी करते समय बहुत से दावे करते हैं। पर कांग्रेस हमेशा जमीनी हकीकत पर चलती है। 2024 के घोषणा पत्र में कांग्रेस ने जनता के बुनियादी मसलों को प्राथमिकता दी है। अर्थतंत्र को ध्यान में रखा है। ये किसी व्यक्ति का दावा या गारंटी नहीं उस पार्टी का घोषणा पत्र है, जिसका 139 साल का शानदार इतिहास है। ये देश के सामाजिक-आर्थिक विकास की गति को बहुत तेज करेगा। कांग्रेस देश की सामाजिक और आर्थिक गति को आगे ले जाएगी।

प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी हमेशा ही डॉ. मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार की आलोचना करते हैं, लेकिन उन 10 वर्षों में कांग्रेस ने मनरेगा, आरटीआई, खाद्य सुरक्षा, भूमि अधिग्रहण कानून, शिक्षा का अधिकार सहित कई कदम उठाए हैं। मनरेगा और खाद्य सुरक्षा के पीछे श्रीमती सोनिया गांधी जी का बहुत बड़ा योगदान रहा है। मोदी जी इसके मुकाबले अपने 10 साल के कार्यकाल में एक भी काम नहीं कर सके।

खरगे ने आगे कहा, मोदी कहते हैं कि मैं भ्रष्टाचार मिटाऊंगा। पहले वे विपक्ष के नेताओं को भ्रष्ट कहते हैं, फिर उन्हीं नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेते हैं। ऐसे 25 नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा में शामिल किया। भ्रष्ट लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ हैं और वह बदनाम कांग्रेस को कर रहे हैं। अमित शाह के पास वॉशिंग मशीन है, जिसमें सभी भ्रष्टाचारी साफ हो जाते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज विपक्षी नेताओं को जेल में बंद किया जा रहा है। चुनाव में लड़ाई के लिए समान अवसर नहीं छोड़े जा रहे हैं। कांग्रेस को परेशान किया जा रहा है। संविधान और देश को बचाना है, ऐसे में देश के लोगों को एकजुट होना होगा और पीएम मोदी को सत्ता से हटाना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाएं और कांग्रेस के गारंटी कार्ड बांटकर जनता को जागरूक करें।

वहीं कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का न्याय-पत्र देश की आवाज है। ये भारत की आकांक्षाओं का दस्तावेज है, जिसे जनता ने बनाया और कांग्रेस ने लिखा है। कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से महाराष्ट्र तक दो ऐतिहासिक यात्राओं के माध्यम से कांग्रेस ने लोगों की ज़रूरतों को करीब से समझकर जमीनी घोषणा पत्र तैयार किया है। विभिन्न राज्यों में चुनाव से पहले कांग्रेस ने जो भी वादे किए, सरकार बनते ही उन्हें पूरा किया गया। अब बारी देश से किए गए वादों को पूरा करने की है और जनता को कांग्रेस पर पूरा भरोसा है। कांग्रेस की हर गारंटी न्याय का संकल्प है और कांग्रेस का न्याय पत्र समृद्ध भारत का रोडमैप। इंडिया गठबंधन मजबूती के साथ जनता की लड़ाई लड़ेगा और जीतेगा।

राहुल गांधी ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। एक तरफ नरेंद्र मोदी और एनडीए लोकतंत्र एवं संविधान पर आक्रमण कर रहे हैं। दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा कर रहा है। नरेंद्र मोदी ने ईडी -सीबीआई जैसी तमाम संस्थाओं को कैप्चर करके फाइनेंशियल मोनोपॉली बना ली है। लेकिन अब इलेक्टोरल बांड की सारी जानकारी सामने आ गई है। यह सब सामने आ गया कि किससे उगाही हुई, किसको कॉन्ट्रैक्ट दिया है, कॉन्ट्रैक्ट के बाद कितना पैसा दिया गया। इसका पूरा ब्लू प्रिंट सामने आ गया है, इसलिए नरेंद्र मोदी डरे हुए हैं और 400 पार की बात कर रहे हैं। क्योंकि उन्हें पता है कि सीटें 180 पार नहीं होने वाली हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button