उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

 डॉ. दिलीप सिंह लांगयान को शोकसभा में लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की , श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सैंकड़ों लोग ।

समाज का अभिभावक चला गया, कमी कभी पूरी नहीं होगी : प्रोफेसर सुमन

लखनऊ : कबीरपंथी जुलाहा समाज के वरिष्ठ सेवक, शिक्षाविद और समाजसेवी डॉ. दिलीप सिंह लांगयान जी के देहावसान के बाद आज प्रीतमपुरा समुदाय भवन में उनकी शोकसभा व श्रद्धांजलि सभा का कार्यक्रम आयोजित किया गया । डॉ. लांगयान की शोकसभा में दिल्ली एनसीआर , हरियाणा , पंजाब और उत्तर प्रदेश आदि से आएं सैंकड़ों लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की । श्रद्धांजलि सभा में बुजुर्ग, युवा, महिलाएं, बच्चे – समाज का हर वर्ग वहां मौजूद था। माहौल पूरी तरह गमगीन था। हर किसी की आंखें नम थीं और जुबान पर एक ही बात थी – आज हमने अपना अभिभावक खो दिया। श्रद्धांजलि सभा में मंच संचालन डॉ.लांगयान के भतीजे डॉ. रामभक्त लांगयान ने किया । कुरूक्षेत्र से आये आर्य समाजी आचार्य जी ने डॉ.लांगयान के व्यक्तित्त्व पर लगभग एक घंटे तक विचार रखें । इस अवसर पर डॉ. आर के त्रेहन , प्रोफेसर हंसराज सुमन , श्री नेपाल सिंह पावरिया , डॉ. राज पाल चोपड़ा ,डॉ. एम एस मेहरा , श्री धर्मबीर सिंह , श्री पूनिया , डॉ. गंभीर सिंह चौहान , सुश्री मोहिनी सिंह श्री कृष्ण कुमार के अलावा सैंकड़ों लोग शामिल हुए ।

डॉ.लांगयान की शोकसभा व श्रद्धांजलि सभा में जानकारी मिलते ही सबसे पहले उनके पैतृक गाँव , आस-पड़ोस के लोग पहुंचे। इसके बाद धीरे-धीरे दिल्ली के अलग-अलग इलाकों – बादली, नरेला, बवाना, मंगोलपुरी, शाहबाद, बुराड़ी, सोनीपत , करनाल और फरीदाबाद, गाजियाबाद, पानीपत से भी लोग पहुंचे । कबीरपंथी जुलाहा समाज के अलावा अन्य सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, स्कूलों और व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे। प्रीतमपुरा समुदाय भवन में डॉ. लांगयान जी का चित्र रखा गया था, जिसे फूलों से सजाया गया था। पहुंचे लोगों ने बारी-बारी से चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। महिलाओं ने कबीर साहब के भजन और वाणी का पाठ किया – दुख में सुमिरन सब करे, सुख में करे न कोय…।

डॉ.अम्बेडकर फेडरेशन फॉर सोशल जस्टिस ने उनके देहावसान पर शोक संदेश दिया । फेडरेशन के अध्यक्ष प्रोफेसर हंसराज सुमन ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. दिलीप सिंह लांगयान जी का पूरा जीवन समाज सेवा को समर्पित था। उन्होंने कबीर साहेब के संदेश – सत्य, प्रेम, भाईचारा और मानवता को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा कि हमारे समाज का अभिभावक चला गया, उनकी कमी कभी पूरी नहीं होगी। प्रोफेसर सुमन ने बताया कि दिल्ली व हरियाणा तथा आसपास के प्रदेशों में रहने वाले जुलाहा समाज, जो कभी बिखरा हुआ था, उसे एक मंच पर लाने में उनकी सबसे बड़ी भूमिका रही। उन्होंने समाज के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया। उनका मानना था कि — शिक्षा ही समाज की असली ताकत है। गरीब बच्चों की पढ़ाई, बेटियों की शिक्षा और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए उन्होंने अनेक प्रयास किए। वे किसी एक जाति या वर्ग के नहीं थे बल्कि सम्पूर्ण समाज के थे । उनके दरवाजे पर हर धर्म, हर जाति का व्यक्ति आता था और मदद पाकर जाता था। पड़ोस के लोग बताते हैं कि रात को भी कोई जरूरतमंद आ जाए, तो डॉ. साहब उसे खाली हाथ नहीं लौटाते थे। इस अवसर पर प्रोफेसर सुमन ने दिल्ली सरकार से मांग की है कि रोहिणी कोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग का नाम डॉ. दलीप सिंह लांगयान के नाम पर रखा जाए , साथ ही उनके परिवार के लोगों से अनुरोध किया है कि साल में एक बार डॉ.लांगयान के नाम पर एक लेखमाला आयोजित की जाए ताकि युवा पीढ़ी उनके व्यक्तित्व से ग्रहण कर सके ।

क्या बोले उनके चाहने वाले – डॉ भीमराव आंबेडकर फेडेरेशन के महासचिव डॉ.आर के त्रेहन ने अपने संदेश में कहा – डॉ. लांगयान जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं थे, वो पूरे समाज के अभिभावक थे। जब भी समाज पर कोई संकट आया, वो सबसे पहले खड़े होते थे। कबीर साहब के विचारों को उन्होंने अपने जीवन में उतारा था। उनका जाना हम सबके लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। युवा नेता डॉ. योगेश पाटिल ने कहा – उनका जीवन सादगी, सेवा और मानवता की मिसाल था। उन्होंने हमेशा शिक्षा और समाज के उत्थान की बात की। जुलाहा समाज के लिए उनका योगदान स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। हम युवाओं को उनके बताए रास्ते पर चलना होगा, यही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सुश्री मोहिनी सिंह ने अपने पिता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बहन-बेटियों के लिए उन्होंने हमेशा आवाज उठाई। समाज की हर महिला उनको अपना बड़ा भाई मानती थी। जब भी किसी महिला को कोई परेशानी होती थी, वो सबसे पहले डॉ. साहब के पास ही आती थी। आज महिला समाज ने अपना एक सच्चा रक्षक खो दिया है। उन्होंने बताया कि रोहिणी में ऐसा कोई घर नहीं होगा, जिसके सुख-दुख में डॉ. साहब न पहुंचे हों। शादी हो या दुख, वो सबसे पहले पहुंचते थे। वो जात-पात से ऊपर उठकर सबकी मदद करते थे। उनका दरवाजा हमेशा सबके लिए खुला रहता था। उन्होंने बताया कि मेरे पिता ने बेटा बेटी में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया , उनकी चौथी पीढ़ी है, पूरा परिवार है लेकिन बाऊजी की कमी सदैव बनी रहेगी । श्री महाबीर सिंह ने अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मेरे जीजा मेरा संबल थे , उनसे पूछकर ही हर काम किया , आज उनकी कमी महसूस कर रहा हूं । डॉ. दिलीप सिंह लांगयान जी का जीवन कबीर वाणी का जीवंत उदाहरण था। उन्होंने जुलाहा समाज को एक मंच पर लाने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। समाज उनकी कमी को कभी भूल नहीं पाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दे।

परिवार ने जताया आभार — शोकाकुल परिवार ने सांत्वना देने आए सभी लोगों का हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। परिवारजनों ने कहा कि इस दुख की घड़ी में समाज का साथ ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। डॉ. साहब ने हमेशा कहा था – समाज ही मेरा परिवार है। आज समाज ने आकर यह बात सच साबित कर दी । डॉ. लांगयान जी के निधन से कबीरपंथी जुलाहा समाज सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर भी लोग उनकी तस्वीरें साझा कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सभी का कहना है कि उनके चले जाने से मानो एक युग का अंत हो गया है, लेकिन उनके विचार और उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा समाज को रास्ता दिखाते रहेंगे ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button