उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

डेविस कप: बोपन्ना शनिवार और रविवार को लखनऊ में वर्ल्ड ग्रुप-2 प्ले-ऑफ में मोरक्को के खिलाफ विदाई मुकाबला खेलेंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ के आवास पर शुक्रवार को होगा ड्रा, सेरेमनी

लखनऊ : भारत के डेविस कप टीम के कप्तान रोहित राजपाल ने कहा कि हाल ही में आयोजित यूएस ओपन में पुरुष युगल वर्ग के उपविजेता रहे दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना बुधवार को भारतीय टीम में शामिल होंगे। भारतीय टीम वर्ल्ड ग्रुप-2 प्ले-ऑफ में मोरक्को से भिड़ने की तैयारी कर रही है। यह मुकाबला शनिवार और रविवार को लखनऊ के गोमती नगर के विजयंत खंड मिनी स्टेडियम में आयोजित होगा।

वर्तमान में युगल विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज 43 वर्षीय बोपन्ना ने पिछले सप्ताह यूएस ओपन में ग्रैंड स्लैम युगल फाइनल में हिस्सा लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनकर इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया। यह उपलब्धि बोपन्ना की टेनिस के प्रति जबरदस्त प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के अध्यक्ष अनिल जैन ने इस टेनिस दिग्गज की प्रशंसा में कहा, “डेविस कप एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और इसने कई महान क्षणों को देखा है। लखनऊ में यह मुकाबला हम सभी के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। एआईटीए और देश के सभी टेनिस प्रेमियों की ओर से, हम रोहन बोपन्ना को बधाई देते हैं और हम सभी उन्हें डेविस कप में भारत के लिए आखिरी बार सर्विस देते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। जिस तरह से उन्होंने यूएस फाइनल में खेला और खेल की भावना का सम्मान किया, उसके लिए हम उनके समर्पण की सराहना करते हैं।”

बोपन्ना के अलावा, छह सदस्यीय भारतीय डेविस कप टीम में एक मजबूत लाइन-अप शामिल है। इसमें देश के शीर्ष क्रम के एकल खिलाड़ी सुमित नागल के साथ-साथ शशिकुमार मुकुंद, दिग्विजय प्रताप सिंह, युकी भांबरी और रामकुमार रामनाथन शामिल हैं।

भारतीय डेविस कप टीम के गैर-खिलाड़ी कप्तान और भारतीय ओलंपिक की कार्यकारी समिति के सदस्य राजपाल ने टीम की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “रोहन बोपन्ना बुधवार को टीम के ट्रेनिंग में शामिल होंगे। वह 2002 से भारतीय डेविस कप का हिस्सा रहे हैं और उनकी उपस्थिति टीम में अमूल्य अनुभव लाती है। हमारे पास एक अच्छी तरह से संतुलित टीम है, जो अनुभव और युवाओं का शानदार मेल है। हमें अपनी टीम की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की क्षमता पर भरोसा है।”

राजपाल ने एआईटीए के अन्य पदाधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात की और उन्हें मुकाबले का पहला टिकट देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने इस रोमांचक मुकाबले को लाइव देखने के लिए मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया। इस मुकाबले का ड्रा समारोह शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा।

एआईटीए के महासचिव अनिल धूपर ने कहा, “हम उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के आभारी हैं, जिन्होंने शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास पर स्वयं ड्रॉ समारोह आयोजित करने की सहमति दी है। यह भारतीय टेनिस प्रेमियों और विशेष रूप से लखनऊ में फैंस के लिए एक एक्शन से भरपूर वीकेंड होने जा रहा है, जिसमें भारतीय सितारों को लाइव एक्शन में देखने का मौका मिलेगा। यह सेंट्रेल लोकेशन पूरे उत्तर प्रदेश के टेनिस प्रेमियों को आकर्षित करेगा। हम इस डेविस कप मुकाबले की मेजबानी में समर्थन, टेनिस के खेल का जश्न मनाने और रोहन बोपन्ना को यादगार विदाई देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हैं।”

डेविस कप 120 वर्षों से अधिक के समृद्ध इतिहास के साथ दुनिया की सबसे पुरानी और सबसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पुरुष टेनिस टीम प्रतियोगिता है। इसमें 135 से अधिक देश हिस्सा लेते हैं। डेविस कप टाई में पांच मैच होते हैं – चार एकल और एक युगल मैच। और जो टीम कम से कम तीन मैचों में जीत हासिल करती है, टाई अपने नाम कर लेती है। यहां जीत से 2024 डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप-1 प्ले-ऑफ में भारत की जगह पक्की हो जाएगी। मैच शनिवार दोपहर 12 बजे शुरू होंगे जबकि रविवार को मैच सुबह 11 बजे शुरू होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button