प्रदेश के कृषकों को आगामी सप्ताह हेतु मौसम आधारित कृषि परामर्श
क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की वर्ष 2023-24 की साप्ताहिक बैठक संपन्न

लखनऊ : क्रॉप वेदर वॉच ग्रुप की वर्ष 2023-24 की बैठक डा. संजय सिंह, महानिदेशक उप्र कृषि अनुसंधान परिषद की अध्यक्षता में उ.प्र. कृषि अनुसंधान परिषद में सम्पन्न हुई। प्रदेश में मौसम के वर्तमान परिप्रेक्ष्य में किसानों को अगले सप्ताह कृषि प्रबन्धन के लिए मौसम पूर्वानुमान तथा खेतीबाड़ी से संबंधित प्रमुख सुझाव किसानों हेतु जारी किए गए हैं।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के वैज्ञानिक अधिकारी तथा मीडिया प्रभारी विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि आज की बैठक में यह जानकारी दी गई है कि आगामी सप्ताह के सभी दिनों में पश्चिमी पूर्वी बुंदेलखंड एवं उत्तर प्रदेश के सभी अंचलों में अनेक स्थानों पर हल्की तथा मध्यम वर्षा होने की संभावना है। प्रारंभ के दो दिनों (दिनांक 13 एवं 15 जुलाई 2023 में प्रदेश के उत्तरी तराई जनपदों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि अन्य दिनों में प्रदेश के सभी अंचल के जनपदों में वर्षा की तीव्रता एवं क्षेत्रफलीय वितरण में आंशिक तौर पर कमी आने की संभावना है।
इस संबंध में किसानों से अपेक्षा की गई है कि जिन क्षेत्रों में सामान्य से कम वर्षा हुई है उन क्षेत्रों में कृषक दलहनी, तिलहनी व श्री अन्न फसलों की बुवाई प्राथमिकता के आधार पर करें। दलहनी फसलों का बीज यदि उपचारित नहीं है तो संस्तुति अनुसार उपचारित कर फसल के विशिष्ट राइजोबियम कल्चर से अवश्य उपचारित करें। धान की रोपाई हेतु मौसम अनुकूल है अतः कृषक रोपाई का कार्य यथाशीघ्र पूर्ण करें। धान की “डबल रोपाई या सण्डा प्लाटिंग” हेतु दूसरी रोपाई पुनः पहले रोपे गये धान के 03 सप्ताह बाद 10 x10 से.मी. की दूरी पर करें। रोपाई वाले खेत में 1 फीट ऊँची मेढ़ बनाए ताकि वर्षा जल संचित कर लाभ लिया जा सके। धान की रोपाई हेतु खेत की तैयारी के समय 25 कि.ग्रा./हे. दर से जिंक सल्फेट डालें। धान की तैयार पौध की रोपाई जहां तक संभव हो 4 ग्रा. ट्राइकोडर्मा प्रति लीटर पानी की दर से अथवा 1 ग्रा. कार्बेन्डाजिम प्रति लीटर पानी की दर से घोल बनाकर उपचारित करें।
कीटनाशकों व कृषि रसायनों का प्रयोग कृषि वैज्ञानिकों या कृषि विभाग के अधिकारियों के परामर्श से ही करें। प्रदेश के सभी अंचलों में वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली / वज्रपात गिरने की संभावना के दृष्टिगत लोगों को जागरूक रहने तथा वर्षा के दौरान पेड़ों / टीन शेड / विद्युत पोलों आदि से दूर रहने तथा अपने मोबाइल में सचेत ऐप स्थापित / इंस्टाल करने पर सचेतक ध्वनि / अलार्म बजने पर अपने को सुरक्षित करें। रोपाई के बाद जो पौधे मर गये हो उनके स्थान पर दूसरे पौधे तुरंत लगा दें, ताकि प्रति इकाई पौधों की संख्या कम न होने पाये। पलेवा करके ड्रम सीडर से धान की शीघ्र पकने वाली किस्मों की 50 से 55 कि.ग्रा. प्रति हे बीज की दर से बुवाई करें। धान की 20-25 दिन वाली पौध की रोपाई प्रत्येक वर्गमीटर में 50-55 हिल तथा 2-3 पौधा प्रति हिल 3-4 सेमी. की गहराई तक करें।
बाजरा की संकुल किस्मों घनशक्ति, डब्लू.सी.सी. 75. आई.सी.एम.बी. 155, आई.सी.टी.पी.-8203, राज- 171 तथा न. दे. पफ. बी. -3 तथा संकर किस्मों 86 एम 84. पूसा- 322 आई.सी.एम.एच. 451 तथा पूसा 23 की बुवाई करें। ज्वार की संकुल प्रजातियों यथा एस. पी. बी. 1388 (बुन्देला). सी. एस. बी. 15 वर्षां, विजेता व सी. एस. बी. 13 तथा – संकर प्रजातियों सी.एस.एच.-23 13, 18, 14, 9, 16 की बुवाई यदि अभी तक नहीं की है तो यथा शीघ्र समाप्त करें।
सावां की किस्मों यथा आई.पी.एम. 151, आई.पी. – 149, यू.पी.टी.-8, आई.पी.एम.- 100, आई.पी.एम.-148 आई.पी. एम.-97 की बुवाई यथाशीघ्र समाप्त करें। कोदों की किस्मों यथा जी.पी.बी.के. 3. ए.पी.के. 1. जे.के. 2. जे. के. 62. वम्बन-1 व जे. के. -6 की बुवाई करें। मूंग की किस्मों यथा आजाद मूंग-1, पूसा-1431, मेहा 99-125, एम.एच. 2.15 टी.एम.- 9937, मालवीय, जनकल्याणी, मालवीय, जनचेतना, मालवीय जनप्रिया, मालवीय जागृति मालवीय ज्योति, पंत मूंग 4. नरेन्द्र मूंग- 1. पी. डी. एम. 11. आशा की बुवाई करें। उर्द की किस्मों यथा शेखर-1, शेखर-2, शेखर-3, आई.पी. यू. 94-1 नरेन्द्र उर्द-1, पंत उर्द-9, पंत उर्द-8, आजाद – 3 डब्लू. बी. यू. 108, पंत उर्द-31, आई.पी. यू. 2-43 की बुवाई करें।
गन्ने में बेधक कीटों के नियंत्रण हेतु 25 कार्ड / हेक्टेयर ट्राइकोग्रामा का उपयोग करें। गन्ने में पोक्का बोइंग को नियंत्रित करने के लिये कापर आक्सीक्लोराइड 0.2 प्रतिशत अर्थात 100 लीटर पानी में 200 ग्राम की दर से अथवा वावस्टीन 0.1 प्रतिशत की दर से अर्थात 100 लीटर पानी में 100 ग्राम की दर से 15 दिन के अंतराल पर करें।
कन्नौज तथा बस्ती जनपद में सब्जियों का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित है। अतः सब्जियों के उच्च कोटि के हाईब्रिड पौधे प्राप्त करने हेतु कन्नौज में 9450449436 तथा बस्ती में 9415438640 मोबाइल नम्बरों पर सम्पर्क स्थापित करें। आम, अमरूद, लीची, आंवला, कटहल, केला, नींबू आदि समस्त फलदार पौधों का रोपण करें फलों की गुणवत्तायुक्त पौध हेतु कन्नौज, बस्ती में स्थापित केन्द्रों तथा केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ से सम्पर्क करें।
वर्तमान में खुरपका एवं मुहपका बीमारी (एफ.एम.डी.) का टीकाकरण सभी पशुचिकित्सालयों में कराया जा रहा है। यह सुविधा सभी पशुचिकित्सालयों पर निशुल्क उपलब्ध है। बड़े पशुओं में गलाघोटू की रोकथाम हेतु एच. एस. वैक्सीन से तथा लगड़िया बुखार की रोकथाम हेतु बी क्यू वैक्सीन से टीकाकरण कराये। लम्पी स्किन रोग (एलएसडी) एक विषाणु जनित रोग है, जिसकी रोकथाम हेतु पशुपालन विभाग द्वारा टीकाकरण प्रोग्राम चलाया जा रहा है। सभी कृषक / पशु पालक अपने निकटतम पशु चिकित्सालय से सम्पर्क कर इसकी रोकथाम संबंधी उपाय एवं टीकाकरण की जानकारी ले सकते हैं। कृषकों/ पशुपालकों के द्वारा पर पशुचिकित्सा उपलब्ध कराने हेतु विभाग के द्वारा मोबाइल वेटनरी यूनिट योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना का लाभ लेने हेतु सभी कृषक / पशुपालक टोल फ्री हेल्पलाइन नं.- 1962 पर सम्पर्क पर योजना का लाभ ले सकते हैं।
निगम की हैचरियों पर मत्स्य बीज उपलब्ध है। अतः सभी मत्स्य पालक अपने तालाबों में मत्स्य बीज संचय करने के लिए तैयारी पूरी कर ले और मत्स्य बीज का माँग पत्र जनपद स्तर पर मत्स्य विभाग को कार्यालय में जमा कर दें। टसर रेशम कीटपालन 15 जुलाई से प्रारंभ होने जा रहा है इस हेतु साफ-सफाई का अधिक ध्यान दिया जाय तथा कीट के प्रथम मोल्ट के बाद जीवनसुधा की औषधि का प्रयोग करना चाहिये।



