पूर्वांचल के कई जनपदों में प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ के प्रकोप से बचाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है : रामाशीष राय

लखनऊ । राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा कि गोंडा, बस्ती बलरामपुर श्रावस्ती, देवरिया, कुशीनगर सहित पूर्वांचल के कई जनपदों में प्रदेश सरकार द्वारा बाढ़ के प्रकोप से बचाने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष इस क्षेत्र की घाघरा राप्ती, बूढ़ी गंडक आदि नदियों के प्रकोप से हजारों किसानों की फसलें बाढ़ से डूब कर बर्बाद हो जाती हैं और किसान के सारे सपने धराशायी हो जाते हैं।
श्री राय ने कहा कि सिर्फ बाढ ही नहीं गांव के रास्ते भी अतिक्रमण के प्रकोप से नहीं बचे हैं। चकरोड गलियारे और रजबहा के रास्तों पर दबंग लोगों ने अनावश्यक अतिक्रमण कर रखा है। लोगों का पैदल और साइकिल से चलना भी कष्टदायी है लेकिन प्रशासन मौनदृष्टा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर के भी दूर दराज के गांव में यही दशा है क्षेत्र में असरदार लोगों के अतिरिक्त आम जनता का जन जीवन अस्त व्यस्त ही नहीं बल्कि दयनीय बना हुआ है। इस सरकार का आत्मनिर्भर भारत बनाने का स्वरूप इन क्षेत्रों में देखा जा सकता है। जहां पर कोई देखने सुध लेने वाला नहीं है और निरीह जनता को उसी के भरोसे छोड़ दिया गया है। साफ सफाई के नाम पर गांव और शहरों की नालियों और नालों में गंदगी पनप रही है जिससे भयंकर बीमारियां पनप उत्पन्न हो रही हैं।
रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने सरकार से बाढ़ से निपटने के पुख्ता इंतजाम करने की मांग करते हुए कहा कि बाढ से हुए फसलों और जनधन हानि के नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिया जाये, रास्तों और मार्गो का अतिक्रमण हटाया जाय जिससे आवागमन के रास्ते सुगम हो सके। नालियों और नालों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जाय जिससे गंदगी न पनपने पायें साथ ही साफ सफाई व्यवस्था की निगरानी तेज की जाय।
(सुरेन्द्रनाथ त्रिवेदी)
प्रदेश मीडिया प्रभारी



