टैक्स पेयर्स के पैसों से बनाए गए शीशमहल की पोल खुलने से बढ़ी केजरीवाल की घबराहट : रामवीर सिंह बिधूड़ी
केन्द्र सरकार, उपराज्यपाल एवं अधिकारियों से टकराव बना कर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की विकास की गति को बहुत धीमा कर दिया है : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए चलाई जा रही जन चेतना सभाओं की श्रृंखला के अंतर्गत आज दिल्ली के 8 विधानसभा क्षेत्रों नजफगढ़, पालम, तिमारपुर, ओखला, नई दिल्ली, रोहताश नगर, बुराड़ी एवं शाहदरा में सभाओं का आयोजन किया गया जिसमें आम जनता का भरपूर साथ मिला। साथ ही भाजपा द्वारा चलाई जा रही केजरीवाल के झूठ और भ्रष्टाचार पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘झूठा कहिन का’ को भी आम जन को दिखाया गया।
आठ विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जन सभा सम्मेलन को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी एवं अजय भट्ट, सांसद मनोज तिवारी एवं रमेश बिधूड़ी, प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं दिनेश प्रताप सिंह, असम के सह प्रभारी पवन शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल एवं आदेश गुप्ता, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू आदि ने संबोधित किया।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के विकास और अपनी भलाई के लिए सत्ता पर बैठाया था लेकिन आज केजरीवाल राजनीतिक पर्यटन में व्यस्त हैं। जबकि केजरीवाल ने दिल्ली छवि को पूरी तरह से धूमिल करने का काम किया है। आज पूरा देश देख रहा है कि दिल्ली का मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त है और अपने भ्रष्टाचार को छीपाने के लिए विपक्षी दलों के साथ मिल रहा है। विपक्ष एकजुटता और अध्यादेश तो सिर्फ एक बहाना है।
श्री सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल के पास नैतिक चरित्र नहीं बचा है क्योंकि जिस कांग्रेस से कभी ना मिलने की उन्होंने कसम खाई थी आज घुटने के बल बैठकर उनसे गुहार लगा रहे हैं। आज वे पूरी तरह से राजनीतिक कुंठा से ग्रस्त हैं। उन्होंने केजरीवाल को सलाह दी कि बेहतर होता कि अरविंद केजरीवाल प्रशासनिक दायित्व एवं राजनीतिक विरोध को अलग- अलग करके मुख्यमंत्री के दायित्व का निर्वहन करते। उन्होने कहा की केन्द्र सरकार, उपराज्यपाल एवं अधिकारियों से टकराव बना कर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की विकास की गति को बहुत धीमा कर दिया है।
नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल हमेशा झूठ पर आधारित राजनीति करते आए हैं और यही काम वह अध्यादेश आने के बाद भी कर रहे हैं। दरअसल उन्हें अध्यादेश से नहीं बल्कि उन्हें इस बात का डर है कि अब उनकी आम आदमी की छवि ज्यादा दिन तक नहीं टिकने वाली। टैक्स पेयर्स के पैसों से बनाए गए शीशमहल की पोल खोलने ने केजरीवाल की घबराहट को बढ़ा दिया है और अब वे या उनके मंत्री अधिकारियों को प्रताड़ित कर रहे हैं, उनपर दबाव डाल रहे हैं। जो अधिकारी शीशमहल की जांच कर रहे थे, उनके ऊपर झूठा आरोप लगाया गया ताकि जांच किसी भी सूरत में ना हो। हालांकि उनकी हकीकत दिल्ली की जनता समझ चुकी है कि पिछले आठ साल से दिल्ली का विकास ना होने की असली वजह क्या है।
आदेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा पहले से ही आम आदमी पार्टी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाती रही है क्योंकि केजरीवाल सरकार विकास की जगह उन सभी विषयों पर चर्चा करते थे जो उनके लिए फायदेमंद हैं। शराब घोटाले में हमने कहा था कि बड़ा घोटाला हुआ तो उसे केजरीवाल मानने को तैयार नहीं थे लेकिन आज मनीष सिसोदिया जेल के अंदर हैं और अब वही हाल शीशमहल घोटाले में भी है इसलिए अब सत्येन्द्र जैन, मनीष सिसोदिया के बाद अरविंद केजरीवाल का नंबर है।
केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली में एक ऐसी सरकार चला रहे हैं, जिसका ना कोई विजन है और ना ही विकास से कोई सरोकार सिर्फ अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षा के लिए केजरीवाल विकास की बजाय अपने खिलाफ चल रहे जांच की फाइलों को मिटाने में दिन रात लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में घूमकर केजरीवाल अध्यादेश के खिलाफ जो मुहिम चला रहे हैं दरअसल वह अपने बचाव के लिए है जबकि अन्य पार्टियों को भी यह समझने की जरुरत है कि क्या वह एक भ्रष्टाचारी के साथ देने वाली हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि केजरीवाल एकलौते ऐसे नेता हैं जो देश के सैनिक के पराक्रम पर भी सवाल उठाते हैं। यही मुख्यमंत्री हैं जो आजाद देश के प्रधानमंत्री बनने के सपने देखा करते हैं, लेकिन आज इनकी छवि एक भ्रष्टाचार में लिप्त और खुद के फायदे के लिए काम करने वाले मुख्यमंत्री के रूप में बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को जिस तरह से उत्तराखंड की जनता ने विधानसभा चुनाव में सिरे से ख़ारिज कर दिया वैसे ही दिल्ली में भी आगामी चुनाव में दिल्लीवासी करने वाले हैं और जहाँ से राजनीति केजरीवाल ने शुरू की थी वह वही दम तोड़ने वाली है।

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि एक सरकार पर ज़ब आठ अधिकारी एक साथ उत्पीड़न का आरोप लगाते हैं तो उस सरकार की मनोदशा को समझा जा सकता है। केजरीवाल जितने भोले दिखने की कोशिश करते हैं उतने वह हैं नहीं। उन्होंने कहा कि जो सचिवालय शाम को 6 बजे के बाद सबके लिए बंद हो जाता है उसमे रात को 2 बजे फाइल्स एक कमरे से दूसरे कमरे में जा रही है और चोरी सफाई के साथ पूरा करके केजरीवाल पूरे देश में घूम-घूमकर समर्थन मांग रहे हैं। आज विपक्ष का भी इंतिहान हैं कि क्या वह एक चोर और भ्रष्टाचारी का समर्थन करेंगे?
सांसद रमेश बिधूड़ी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के अंदर कभी भी विकास की बात नहीं करते। चाहे वह विधानसभा के अंदर हो या फिर अपनी प्रेसवार्ता। विकास की जगह आज दिल्ली विनाश की ओर बढ़ चली है और यही कारण है कि अरविंद केजरीवाल कही भी जनता के बीच में नहीं जाते क्योंकि उनके पास जनता को बताने के लिए कुछ नहीं है। जनता शीशमहल के बारे में पूछ रही है लेकिन केजरीवाल अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए पूरे देश का भ्रमण कर रहे हैं।
जन चेतना सभा के संयोजक हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में 7 मई से शुरु हुए जन चेतना सभा को पूरी दिल्ली के अंदर जनता का भरपूर समर्थन मिला है और आज दिल्ली के घर-घर में इस बात की चर्चाएं शुरु हो चुकी है कि केजरीवाल ने किस तरह से दिल्ली की जनता को धोखा देकर अपनी राजनीति को चमकाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हर दिल्लीवासी आज एक ही सवाल पूछ रहा है कि आखिर केजरीवाल को शीशमहल की क्यों जरुरत पड़ गई।
प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले आठ सालों में दिल्ली के अंदर पूर्वांचलवासियों ने जितना खुद को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस किया है, वह पहले कभी नहीं हुआ। कोविड काल में सबने देखा कि केजरीवाल सरकार खुद क्वारंटिन होकर पूर्वांचलवासियों को उनके ही हाल में छोड़ दिया जिसके बाद उन्हें पैदल हज़ारों किलोमीटर चलकर अपने घर जाने को मजबूर होना पड़ा।

विजय गोयल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने बंगले पर जनता के 45 करोड़ रुपये उड़ा डाले और जब जनता उनसे सवाल कर रही है तो वह और उनके मंत्री जवाबदेही से बच रहे हैं। खेदजनक है कि जब पत्रकार किसी सार्वजनिक स्थल पर मिलने पर केजरीवाल या उनके किसी मंत्री से बंगले के लिए जनधन की लूट पर सवाल पूछते हैं तो उनके समर्थक पत्रकरों पर भी हमला करने से पीछे नहीं हटते।
श्याम जाजू ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कर राजनीति में आने वाले केजरीवाल आज भ्रष्टाचार में ही डूबे हुए हैं और आज दिल्ली ही नहीं देशभर में जहाँ भी अरविंद केजरीवाल जाते हैं वहाँ जनता उनसे एक ही सवाल पूछती है – आप इतना कैसे बदल गये कि भ्रष्टाचार, भव्य महल, भयकारक सुरक्षा चक्र आपकी पहचान बन गये। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने उनको चुन कर स्वच्छ राजनीतिक महौल बनाने का एक मौका दिया पर आज लगातार सत्ता के 8 साल बाद केजरीवाल पर लगे भ्रष्टाचार के दाग कांग्रेस नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के दागों से प्रगाढ़ हो गए हैं।


