पीएनबी का शुद्ध लाभ वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में वर्ष दर वर्ष आधार पर 12.8 फीसदी बढ़ा

लखनऊ : पंजाब नैशनल बैंक (पीएनबी) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ में 12.8 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की है। दूसरी तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 5532 करोड़ रूपये रहा है जो बीते साल इसी अवधि में 4904 करोड़ रूपये था।
शुक्रवार को वर्तमान वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही के परिणामों की जानकारी देते हुए पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने बताया कि 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में बैंक का ऋण-जमा अनुपात (सीडी) 75.5 फीसदी रहा है जो पिछले साल इसी अवधि में 72.3 फीसदी था। बैंक का सकल एनपीए अनुपात 90 बीपीएस सुधार के वर्ष दर वर्ष आधार पर 2.55 फीसदी रहा है जो वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में 3.45 फीसदी था। वहीं इस वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध एनपीए 11 बीपीएस के सुधार के साथ वर्ष दर वर्ष आधार पर 0.25 फीसदी हो गया है जो बीते साल इसी अवधि में 0.36 फीसदी था।
पीएनबी एमडी एवं सीईओ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में बैंक का वैश्विक बिजनेस वर्ष दर वर्ष आधार पर 11.9 फीसदी बढ़कर 3118434 करोड़ रूपये हो गया जो पिछले वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में 2786673 करोड़ रूपये था। चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में बैंक की बचत जमा राशि वर्ष दर वर्ष आधार पर 6.7 फीसदी बढ़कर 542893 करोड़ रूपये हो गई जबकि इसी अवधि में चालू खाते में जमाराशि में वर्ष दर वर्ष आधार पर 11.9 फीसदी बढ़कर 83053 करोड़ रूपये पहुंच गयी है। कासा जमाराशि में वर्ष दर वर्ष 7.3 फीसदी की वृद्धि रही है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरकी तिमाही में पीएनबी के रिटेल अग्रिम में वर्ष दर वर्ष आधार पर 16.3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी है। इस अवधि में आवास ऋणों में वर्ष दर वर्ष आधार पर 14.3 फीसदी और वाहन ऋणों में 29.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गयी है।


