उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

भाजपा धरना स्थागित कर केजरीवाल सरकार के काले कारनामे उजागर करने का कैम्पेन घर घर ले कर जायेगी : रामवीर सिंह बिधूड़ी

दिल्ली भाजपा के महरौली, नजफगढ़, दक्षिण, उत्तर पश्चिम एवं बाहरी दिल्ली संगठात्मक जिलों के कार्यकर्ताओं ने आज मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल के राजमहल बंगले के सौंदर्यीकरण घोटाले को लेकर धरना दिया

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के महरौली, नजफगढ़, दक्षिण, उत्तर पश्चिम एवं बाहरी दिल्ली संगठात्मक जिलों के कार्यकर्ताओं ने आज मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल के राजमहल बंगले के सौंदर्यीकरण घोटाले को लेकर धरना दिया।

दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष जयवीर राणा द्वारा संचालित धरने में केन्द्रीय राज्य मंत्री  मीनाक्षी लेखी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद डा. हर्षवर्धन, राष्ट्रीय प्रवक्ता  साजिया ईलमी एवं  शहजाद पूनावाला, प्रदेश पदाधिकारी कुलजीत सिंह चहल, दिनेश प्रताप सिंह, अशोक गोयल,  प्रवीण शंकर कपूर, मोहन लाल दायमा,  शुभेनदू शेखर अवस्थी,  नरेश वशिष्ठ, रमेश शौखंदा,  बजरंग शुक्ला,  रोहताश बिधूड़ी, भूपेन्द्र गोठवाल आदि शामिल हुए।

इस अवसर पर एकत्र हजारों कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए  रामवीर सिंह बिधूड़ी ने घोषणा की कि भाजपा ने यह धरना मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के राजमहल बंगले के दरवाज़े खुलवा कर जनता को बंगला दिखाने के लिये शुरू किया था और अब एक चैनल ने जनता को अंदर से बंगला दिखा दिया है अतः आज से भाजपा यह धरना स्थागित कर केजरीवाल सरकार के काले कारनामे उजागर करने का कैम्पेन घर घर ले कर जायेगी।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा के हजारों कार्यकर्ता पिछले पांच दिनों से लगातार प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में धरने पर बैठे हुए थे जिसका आज समापन हो रहा है. केजरीवाल ने जो राजमहल बनाया है. उनमें नियम कानून का उल्लंघन किया गया है इसलिए उनके खिलाफ एफ. आई. आर. दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी हो और वे अपने पद से इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि दर्जनों पेड़ को भी काटा गया और उनके बगल में दो सरकारी कोठियों को भी जोर जबरदस्ती कर खाली करवा लिया और उसे अपने कोठियों में मिला दिया।

श्रीमती मीनाक्षी लेखी ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल द्वारा बनाए हुए राजमहल को देखने की बात रखी थी, लेकिन आजतक उसे नहीं खोला गया। उन्होंने केजरीवाल से मांग की कि वे भले ही टिकट लगाए लेकिन दिल्ली की जनता को अपना राजमहल दिखाए नहीं तो उनके लिए कानून का दरवाजा खुलेगा और केजरीवाल अपने करीबियों के साथ तिहाड़ में जाने के लिए तैयार हो जाए। जनता की चिंता करने की जगह केजरीवाल ने कोरोना महामारी के दौरान अपने महल की चिता की और यह नैतिक अपराध या कानूनी अपराध कर केजरीवाल दिल्लीवालों के गुनाहगार हैं। इनके आवास में सभी काम बिना टेंडर के हुआ है।

डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्व : मदन लाल खुराना जी का घर उन नेताओं के घर में शामिल है जो सबसे साधारण है जबकि अरविंद केजरीवाल का आवास आज राजमहल बन गया है। केजरीवाल का पूरा मंत्रिमंडल भ्रष्टाचार में लिप्त है। केजरीवाल अपने जिस करीबी मनीष सिसोदिया के लिए भारत रत्न की मांग कर रहे थे उन्हें बार-बार कोर्ट से बेल रिजेक्शन मिल रहा है यानि नोबल प्राइज की जगह उन्हें नो बेल प्राइज मिल चुका है। आज पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री दोनों जेल के अंदर हैं और वह दिन दूर नहीं जब केजरीवाल भी जेल के अंदर जाने वाले हैं। किसी ने पब्लिक लाइफ में काम करने वालों में सुचिता का क्रुरता के साथ अगर किसी ने मर्डर किया है वह अरविंद केजरीवाल हैं। 150 से अधिक केस इनके विधायकों के ऊपर हैं और यह खुद को कट्टर ईमानदार कहते हैं।

डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि दुनिया भर में जिसका झूठ बोलने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बन चुका है वह अपने झूठे वायदों और बातों को छिपाने के लिए बार-बार महात्मा गांधी की समाधि पर जाता है। इससे अधिक बिडंबना और क्य हो सकती है। उन्होंने कहा कि हमारा केजरीवाल विरोधी आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रीमती साजिया ईलमी ने कहा कि साल 2011 में जब अन्ना हज़ारे के साथ पूरा देश भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा था क्योंकि कांग्रेस की सरकार में घोटाला ही घोटाला था लेकिन उस वक्त जो शर्ट और चप्पलों में घूमा करते थे, जिनके कलाई पर मैंने राखी बांधी थी वह केजरीवाल आज दिल्ली के सुल्तान बनकर राजमहल में बैठे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आंदोलन के वक्त रेहड़ी पटरी वालों के 50 से 100 रुपये चंदा इकट्ठा कर केजरीवाल और आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ी लेकिन आज वे सभी रेहड़ी वाले केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाकर पश्चाताप के आग में जल रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री शहजाद पूनावाला ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने राजमहल के मरम्मत में 45 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया है, उसके लिए या तो वे मुंह खोले या महल के दरवाजे खोले या फिर अपनी गद्दी छोड़े। अरविंद केजरीवाल एक ऐसे परिवर्तन का नाम है जिसने 45 रुपये के मोफलर से 45 करोड़ के महल तक का सफर तय कर लिया जबकि मुख्यमंत्री बनने से पहले केजरीवाल भ्रष्टाचारी नेताओं की लिस्ट दिखाते थे और दूसरों के घरों में ए.सी. की संख्या गिनता था।

श्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जवाब भी देना होगा और दिल्ली की जनता हिसाब भी लेगी। भाजपा का यह आंदोलन अभी आगे और तेज होगा जब दिल्ली की जनता की आवाज बनकर भाजपा घर-घर इनके भ्रष्टाचार के खिलाफ कैंपेन चलाएगी। उन्होंने कहा कि जिनकी भी तारीफ केजरीवाल ने की है, वे सभी जेल में हैं और आज खुद ही केजरीवाल की नींद उड़ी हुई है।

श्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद को पढ़ा लिखा मुख्यमंत्री कहते हैं लेकिन दरअसल उन्होंने सिर्फ भ्रष्टाचार कैसे करें, इसकी पढ़ाई की है। उन्होंने कहा कि मेट्रो को बनाना हो तो दो साल में भी पेड़ कटाई की अनुमति नहीं देते लेकिन अपने घर के लिए कई पेड़ों को दो दिन में बिना अनुमति के ही काट दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button