उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
काषायधारी को पूर्व कैदी का लाल सलाम !!

के. विक्रम राव
योगी आदित्यनाथ जी ने सत्तर साल पुरानी (1941 वाली) ब्रिटिश जेल नियमावलि को 16 अगस्त 2022 को निरस्त कर दिया। उसे आधुनिक बना दिया। अतः फांसी का यह दण्डारोपी रहा, पूर्व कैदी (1976 का डाइनामाइट केस वाला), मैं (श्रमजीवी पत्रकार) मुख्यमंत्री का कृतज्ञ हूं। हमारी पुरानी जनवादी मांग उन्होंने स्वीकारी। नारकीय कारागारों को खत्म कर, मानवीय बना दिया। जेल में जन्मे शिशु कृष्ण के अवतार की बेला पर ये समस्त सुधार घोषित हुये हैं। क्या संयोग है! या माकूल मुहूर्त?
लेकिन कोफ्त तो होती है। खलिश, खासकर! राज-काज चलाने वाले अधिकतर मंत्री, आठ प्रधानमंत्री और बहुतेरे मुख्यमंत्री जेल काट चुके हैं, फिर भी भारत की जेलों में पूरी सदी के दरम्यान पर्याप्त सुधार हुए ही नहीं। माना कि ‘‘जेल होटल नहीं हो सकता।‘‘ यही कहा था इन्दिरा गांधी के गृह राज्यमंत्री ओम मेहता ने अपने समधी बलिया के सांसद ठाकुर चन्द्रशेखर सिंह से, जब दो लाख विरोधियों को इमरजेन्सी (1975) में जेल में ठूँसा गया था। लेकिन यह भी सच है कि कानून और व्यवस्था का एक अदना हिस्सा ही जेल अब हो गया था। पुलिस तथा न्यायपालिका से जुड़कर जेल एक नुकीला त्रिभुज बनाता है। न्यायिक हिरासत जेल व्यवस्था का खास अंग है। कठोर और निर्मम।




