उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

एक से 15 अगस्त तक सैनिक सम्मान पखवाड़ा मनाएगा रालोद: रामाशीष राय

                 चेरिश टाइम्स न्यूज़
लखनऊ । राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव में राष्ट्रीय लोकदल की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के सभी पदाधिकारियों एवं साथियों को पत्र भेजकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रूपरेखा तैयार की है क्योंकि यह महोत्सव देश के सैनिकों के सम्मान की रक्षा के लिए तथा आजादी की बलि बेदी पर शहीद हुये सैनिकों को याद करने और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए होगा।
श्री राय ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल 1 अगस्त से 15 अगस्त तक इस कार्यक्रम को सैनिक सम्मान पखवाड़ा के रूप में मनाएगा।
समस्त जनपदों में 1 अगस्त को बैठके आयोजित करके 15 दिन तक कार्यक्रम चलाने को योजनाबद्ध किया जायेगा। यह बैठक तिरंगे के साथ होगी। 2 अगस्त से 5 अगस्त तक सभी विधान सभाओं में स्वतंत्रता सेनानियों से भेंट करके उन्हें सम्मानित किया जायेगा एवं संविधान सभा का संकल्प पत्र दिया जायेगा। 6 से 8 अगस्त तक आजादी के दीवानों एवं शहीदों को याद किया जायेगा जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान दिया। साथ ही साथ जीवित बचे स्वतंत्रता के सैनिकों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जायेगा। शहीद हुये सैनिकों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करके राष्ट्रीय लोकदल अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। 9 अगस्त को क्रान्ति दिवस मनाते हुये आजादी की लड़ाई में लिये गये संकल्पों और सपनों को याद करते हुये 11.30 से 3.30 बजे तक तिरंगे के साथ संगोष्ठी आयोजित की जायेगी। क्रान्ति दिवस पर जिस प्रकार बलिदानियों ने अंग्रेजों के विरूद्व भारत छोड़ों आन्दोलन का नारा दिया था उसी प्रकार राष्ट्रीय लोकदल प्रदेश की आम जनता से लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का आवाह्न करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि 13 और 14 अगस्त तक सभी लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों में मोटर साईकिल, साईकिल, रैली तथा पदयात्राएं तिरंगों के साथ निकाली जायेंगी। नगरों और कस्बों में मोमबत्ती जलाकर शहीदों एवं युद्ववीरों को याद किया जायेगा। 15 अगस्त के दिन सभी वार्डो एवं प्रदेश के दूर दराज के गांवों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झण्डारोहण करके संविधान सभा के संकल्प को याद करते हुये देश की एकता और अखण्डता की रक्षा का संकल्प लिया जायेगा।
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उपरोक्त सभी कार्यक्रम सभी जनपदों में योजनाबद्व तरीके से सम्पन्न कराते हुये किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह की नीतियों एवं किसानों, मजदूरों, कामगारों के साथ साथ मजलूमों और छात्रों तथा युवाओं के प्रति राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह के विचारों एवं संघर्षो को जन जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया जायेगा और उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय लोकदल द्वारा चौधरी चरण सिंह के सपनों का भारत बनाने का आवाह्न किया जायेगा।

Cherish Times

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button