उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
लामार्टिनियर कॉलेज लखनऊ में शुरू हुआ नौसेना एनसीसी कैडेटों का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर

चेरिश टाइम्स न्यूज़
लखनऊ. नेवी एनसीसी कैडेटों के लिए एन.सी.सी का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर 23 जून से लामार्टिनियर कॉलेज में शुरू हुआ। शिविर का आयोजन 3 यूपी नेवल यूनिट द्वारा एनसीसी ग्रुप मुख्यालय लखनऊ के तत्वावधान में किया गया है। शिविर में लखनऊ के 13 स्कूलों एवं कॉलेजों के 300 से अधिक सीनियर और जूनियर डिविजन के नेवी एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं।

इस शिविर का उद्देश्य नेतृत्व, सौहार्द और टीम वर्क के साथ-साथ कैडेटों में एकता और अनुशासन विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए उन्हें नौसैनिक प्रशिक्षण प्रदान करना है। अपने उद्घाटन भाषण में कैंप कमांडेंट तथा 3 यूपी नेवल यूनिट के कमान अधिकारी कैप्टन (भारतीय नौसेना) नवेंदु सक्सेना ने कहा कि शिविर के दौरान कैडेटों को हथियार संचालन, तैराकी, नौकायन, परेड, शिप मॉडलिंग, सीमैनशिप, नेविगेशन, खेल-कूद एवं योग प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने सभी कैडेटों से सभी गतिविधियों में गहरी रुचि लेते हुए इस अवसर का सर्वोत्तम उपयोग करने का आग्रह किया।




