उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

भाजपा कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत, पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएं दायित्व: राजनाथ सिंह

लखनऊ। हजरतगंज स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में भाजपा लखनऊ महानगर द्वारा नवगठित महानगर टीम एवं कार्यकर्ताओं की परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ सांसद राजनाथ सिंह ने नवनियुक्त टीम और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण, सेवाभाव और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी, महानगर प्रभारी त्र्यंबक त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, रामचंद्र प्रधान, विशेष कार्यकारी अधिकारी केपी सिंह, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, कार्यालय प्रभारी राघवेंद्र शुक्ला सहित मोर्चों, आईटी एवं सोशल मीडिया के अध्यक्ष, संयोजक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं। कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, परिश्रम और समर्पण से संगठन निरंतर आगे बढ़ता है। हर कार्यकर्ता के मन में संगठन में आगे बढ़ने और जिम्मेदारी मिलने की इच्छा होती है, लेकिन इतने बड़े संगठन में सभी को एक साथ दायित्व देना संभव नहीं है। इसके बावजूद प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान और महत्व पार्टी में बना रहता है। सभी कार्यकर्ता अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाएं, संगठन उनके योगदान को सदैव सम्मान देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और पार्टी अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध रहती है। चुनावी संकल्प पत्र गंभीरता से तैयार किए जाते हैं, ताकि जनता से किए गए वादों को पूरा किया जा सके। केंद्र सरकार की योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को आवास, शौचालय, स्वच्छ पेयजल और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। देश में सड़क, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है तथा भारत तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा केवल सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि देश बनाने के लिए राजनीति करती है। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है, वहां भी केंद्र सरकार विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने का प्रयास करती है। राजनीति का उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और जनसेवा करना होना चाहिए।

कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि अपने क्षेत्र, मोहल्ले और वार्ड में समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी दायित्व को छोटा न समझें। यदि दस घरों के लोगों से संपर्क करने की जिम्मेदारी मिली है तो उसे भी पूरी निष्ठा और लगन से निभाएं। कर्म करते रहें और परिणाम की चिंता न करें। ईमानदारी, परिश्रम और समर्पण का फल अवश्य मिलता है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के सम्मान और उसकी भावनाओं का ध्यान रखना संगठन के प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। कार्यकर्ताओं से मिलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में सहभागी बनना तथा किसी कार्यकर्ता के परिवार में निधन होने पर संवेदना व्यक्त कर परिवार के साथ खड़े रहना संगठन की महत्वपूर्ण परंपरा है।

रक्षा मंत्री ने भाजपा की विचारधारा का उल्लेख करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद दर्शन को समझाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के जीवन में शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा चारों का महत्व है। शरीर के सुख के लिए धन, मन के सुख के लिए सम्मान, बुद्धि के सुख के लिए ज्ञान और आत्मा के सुख के लिए भगवान आवश्यक हैं। भाजपा की विचारधारा इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ समाज और मानव कल्याण की प्रेरणा देती है।

अंत में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, लगन, ईमानदारी और सेवाभाव से संगठन के कार्यों में जुटे रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण ही संगठन की सफलता और राष्ट्र निर्माण का आधार है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button