संस्कृति अधिकारी क्लब का आधुनिक सुविधाओं के साथ हुआ कायाकल्प, डीआरएम ने किया उद्घाटन

लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के संस्कृति अधिकारी क्लब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए आकर्षक एवं बहुउद्देशीय स्वरूप प्रदान किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ गौरव अग्रवाल ने क्लब के नवनिर्मित स्वरूप का फलक अनावरण कर उद्घाटन किया।
संस्कृति अधिकारी क्लब के कायाकल्प के अंतर्गत भवन का आकर्षक सौंदर्यीकरण, उत्कृष्ट प्रकाश व्यवस्था तथा अत्याधुनिक तकनीक से युक्त LED वॉल एवं डॉल्बी डिजिटल साउंड सिस्टम स्थापित किया गया है। इन सुविधाओं से क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनोरंजन एवं विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।
खेल एवं शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्लब में बिलियर्ड्स एवं टेबल टेनिस सुविधाओं का नवीनीकरण किया गया है। साथ ही, सिंथेटिक PVC फ्लोरिंग से युक्त आधुनिक बैडमिंटन एरिना विकसित किया गया है, जिससे खेल प्रेमियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
बच्चों के मनोरंजन एवं रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष किड्स जोन बनाया गया है। इसके अतिरिक्त, क्लब परिसर में नैरो गेज लोकोमोटिव स्थापित किया गया है, जो भारतीय रेलवे की विरासत एवं गौरवशाली इतिहास को प्रदर्शित करता है। सदस्यों की सुविधा के लिए ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीन भी लगाई गई है।
इन आधुनिक सुविधाओं के विकास से संस्कृति अधिकारी क्लब को एक आकर्षक एवं बहुउद्देशीय केंद्र के रूप में नई पहचान मिली है। इससे अधिकारियों एवं उनके परिवारों को खेल, स्वास्थ्य, मनोरंजन तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर अधिकारी क्लब के सचिव एवं वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अंकित सचान, कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. शिल्पी कन्नौजिया, मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता एवं संगठन की कार्यकारिणी सदस्याएं, विभिन्न शाखाओं के अधिकारी तथा रेलकर्मी उपस्थित थे।



