6वीं एशियन वोवीनाम चैंपियनशिप–2026 में प्रवीण गर्ग करेंगे भारतीय टीम का नेतृत्व
डॉ. नीरज सिंह ने लॉन्च की भारतीय टीम की किट, लखनऊ के खिलाड़ियों को किया वितरित

लखनऊ : कंबोडिया की राजधानी नोम पेन्ह में 24 से 30 नवंबर तक आयोजित होने वाली 6वीं एशियन वोवीनाम मार्शल आर्ट चैंपियनशिप–2026 में भारत की 12 सदस्यीय टीम प्रतिभाग करेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने आज गोमती नगर आवास पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय टीम की किट लॉन्च की तथा लखनऊ से चयनित खिलाड़ियों को किट वितरित कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में भारतीय दल के प्रमुख एवं वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त पुष्कर शुक्ला, विनम्र गर्ग तथा लखनऊ से चयनित खिलाड़ी नितेश कुमार एवं सैयद अयूब सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी फाइट एवं परफॉर्मेंस इवेंट की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। नीरज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएं।
भारतीय टीम में उत्तर प्रदेश से नितेश कुमार परफॉर्मेंस इवेंट (Thập Tự Quyền) तथा सैयद अयूब 50 किलोग्राम फाइट स्पर्धा में प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड की बबीता अधिकारी अंडर-18 बालिका 46 किलोग्राम, तेजस्वानी अंडर-18 बालिका 41 किलोग्राम, अजय शर्मा सीनियर पुरुष 88 किलोग्राम, हर्षित कुमार सीनियर पुरुष 70 किलोग्राम तथा सागर सिंह अधिकारी सीनियर पुरुष 50 किलोग्राम भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। हरियाणा की प्रीतिका सीनियर महिला 70 किलोग्राम तथा ओम तेवतिया सीनियर पुरुष 77 किलोग्राम से कम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगे। महाराष्ट्र के श्रीनिवास महादेव वानखली सीनियर वर्ग के फोर एलिमेंट स्टाफ इवेंट (Tứ Tượng Côn Pháp) में प्रतिभाग करेंगे। वहीं मणिपुर की मालेम नगांबी देवी सलाम जूनियर बालिका 45 किलोग्राम फाइट एवं लॉन्ग हो क्वेन (Long Ho Quyen) फॉर्म्स स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगी।
भारतीय दल में प्रवीण गर्ग हेड डेलीगेट एवं दल प्रमुख, देवेन मोइरांगथेम रेफरी तथा शंकर माधवराव महाबले कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे। भारतीय टीम वोवीनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व में एशियाई स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
भारतीय टीम प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 24 नवंबर की मध्यरात्रि दिल्ली एयरपोर्ट से कंबोडिया के लिए रवाना होगी।



