जनजातीय गौरव दिवस पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उनके योगदान को किया गया स्मरण, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के विजेता रेलकर्मी सम्मानित

लखनऊ : जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज दिनांक 16 नवम्बर 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह एवं शूरवीर सिंह चौहान, रेलवे यूनियनों के पदाधिकारी तथा रेलकर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके जीवन, संघर्ष तथा जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और उत्थान के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। जनजातीय समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए उनका योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के सम्मान, संरक्षण और उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देता है।
इस अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के अंतर्गत लखनऊ मंडल में आयोजित स्लोगन एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दिनांक 06 नवम्बर 2026 को आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पारुल कान्दू (कनिष्ठ लिपिक, कार्मिक विभाग), द्वितीय स्थान हिमांशु शर्मा (अनुवादक, राजभाषा विभाग) तथा तृतीय स्थान ललिता श्रीवास्तव (कार्यालय अधीक्षक, कार्मिक विभाग) ने प्राप्त किया। इसी क्रम में 12 नवम्बर 2026 को आयोजित निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शुभम त्यागी (कार्यालय अधीक्षक, यांत्रिक विभाग), द्वितीय स्थान सोने लाल (कार्यालय अधीक्षक, परिचालन विभाग) तथा तृतीय स्थान पारुल कान्दू (कनिष्ठ लिपिक, कार्मिक विभाग) ने प्राप्त किया।



