‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस की दो माह की कार्ययोजना

अमेठी :अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा निर्धारित दो माह के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से AICC के अमेठी ऑब्जर्वर एवं विधायक मलेन्द्र राजन जी ने केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज स्थित राजीव गांधी सभागार में प्रेसवार्ता की।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी,अमेठी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल,जिला प्रवक्ता अनिल सिंह,पूर्व मंत्रीनकुल दुबे जी, पूर्व मंत्री सुरेंद्र विक्रम पंजाबी सिंह तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकार उपस्थित रहे।
प्रेसवार्ता में मलेन्द्र राजन ने कहा कि कांग्रेस का यह अभियान लोकतंत्र, संविधान और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा का निर्णायक संघर्ष है।
AICC के निर्देशानुसार आगामी दो माह तक चलने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची की निष्पक्षता के प्रति जनता को जागरूक करेंगे। संगठन के पदाधिकारी निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए जनभागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। मतदाता के अधिकारों की रक्षा करना केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवैधानिक दायित्व भी है। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दें और जनता के बीच जाकर उसकी आवाज बुलंद करें।
जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि अमेठी में अभियान को संगठनात्मक मजबूती और जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्षरत है।
प्रेस वार्ता के बाद
1 नवंबर की दिल्ली रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए अमेठी कांग्रेस की बैठक, अधिकाधिक भागीदारी का संकल्प
अमेठी: केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज स्थित राजीव गांधी सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के उपरांत आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की विशाल रैली को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी, अमेठी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में AICC ऑब्जर्वर एवं विधायक मलेन्द्र राजन, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, पूर्व मंत्री नकुल दुबे, सुरेंद्र विक्रम पंजाबी सिंह सहित पीसीसी सदस्यों, ब्लॉक अध्यक्षों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों एवं विधानसभा प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार अमेठी से अधिकाधिक संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक दिल्ली पहुंचेंगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाएंगे।
नेताओं ने कहा कि यह रैली संविधान की सर्वोच्चता, लोकतंत्र की मजबूती और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के संकल्प को बुलंद करेगी। सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करें।



