ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो, एसआईआर वापस लो : सेक्टर-8 नोएडा में सीटू-महिला समिति का तिरंगा मार्च

नोएडा । देशव्यापी आह्वान के तहत आज अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति और सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (सीटू) गौतमबुद्धनगर के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे व एसआईआर को रद्द करवाने की मांग को लेकर सेक्टर-8, नोएडा में तिरंगा यात्रा निकालकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
सीटू नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा, राम स्वारथ, भरत डेंजर, अरुण कुमार पटेल तथा जनवादी महिला समिति की नेता रेखा चौहान, चंदा बेगम, गुड़िया देवी आदि के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूर-मजदूरनियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “संविधान बचाओ, जनतंत्र बचाओ, देश बचाओ”, “वोट के अधिकार की रक्षा करो”, “एसआईआर वापस लो”, “वोट चोरी नहीं चलेगी” के गगनभेदी नारे लगाए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के नाम पर मतदाता सूचियों में धांधली, फर्जीवाड़ा और वोट-चोरी की साजिश हो रही है। इससे गरीब, मजदूर और वंचित तबकों के लाखों पात्र नागरिकों के नाम सूची से काटे जाने का खतरा है। यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला और चुनाव आयोग की स्वायत्तता को खत्म करने की कोशिश है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और एसआईआर पूरी तरह रद्द नहीं होता, “पीपल अगेंस्ट एसआईआर” के राष्ट्रीय आह्वान पर जन आंदोलन और तेज किया जाएगा।



