लखनऊ आज विश्वस्तरीय शहरों की श्रेणी में पहुंचा : राजनाथ सिंह

लखनऊ। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पश्चिम मंडल-2 द्वारा आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने प्रबुद्धजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, अधिवक्ता, शिक्षाविद् एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने कहा कि सांसद होने के नाते वे जितना समय लखनऊ को देना चाहते हैं, उतना नहीं दे पाते हैं, लेकिन वे नियमित रूप से डेढ़-दो माह के अंतराल पर लखनऊ आकर विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच आना और उनकी समस्याओं को सुनना वे अपना नैतिक दायित्व मानते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि उनकी हमेशा यह चिंता रहती है कि लखनऊ का अधिकतम विकास कैसे सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ जिस तेजी से विकसित हुआ है, वह पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। एक समय जो शहर विकास की दौड़ में पीछे माना जाता था, आज वह विश्वस्तरीय शहरों की श्रेणी में अपनी पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री होने के नाते जब विदेशों से निवेशक भारत आते हैं और लखनऊ का दौरा करते हैं, तो शहर में हुए व्यापक बदलावों की सराहना करते हैं। 10-15 वर्ष पहले का लखनऊ और आज का लखनऊ पूरी तरह बदला हुआ दिखाई देता है।
यातायात व्यवस्था का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रैफिक जाम लखनऊ की सबसे बड़ी समस्या थी। वर्ष 2014 में सांसद बनने के बाद उन्होंने शहर के चारों ओर रिंग रोड निर्माण की परिकल्पना को आगे बढ़ाया, ताकि बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहन सीधे अपने गंतव्य तक जा सकें और उन्हें शहर के भीतर प्रवेश न करना पड़े। उन्होंने बताया कि रिंग रोड का उद्घाटन दो वर्ष पूर्व हो चुका है, जिससे यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आया है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि लखनऊ में कम समय में अनेक फ्लाईओवरों का निर्माण हुआ है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए वे लगातार नई योजनाओं पर विचार करते रहते हैं। उन्होंने दिवाकर त्रिपाठी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सुझावों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन से विकास कार्यों को गति मिली है।
देश की स्थिति पर बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा पहले की अपेक्षा कहीं अधिक मजबूत हुई है। वैश्विक मंचों पर भारत की आवाज प्रभावी रूप से सुनी जा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का सम्मान बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष की स्थिति बनी हुई है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई है। कई देशों में महंगाई दर अत्यधिक बढ़ी है, लेकिन भारत ने बेहतर आर्थिक प्रबंधन के माध्यम से महंगाई को नियंत्रित रखने में सफलता प्राप्त की है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के अनेक राज्यों में सरकार बनाने में सफल रही है और जनता का विश्वास लगातार पार्टी के प्रति बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो देश के विकास और कल्याणकारी योजनाओं की सफलता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि भारत आज तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में एक सशक्त राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। अंत में उन्होंने उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे जनता से मिलने और उनका स्नेह प्राप्त करने के उद्देश्य से यहां आए हैं तथा आगे भी विकास और जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
*संवाद के दौरान प्रबुद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विषयों को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष रखा*
प्रतिनिधियों ने चौक से दुबग्गा चौराहे तक लगने वाले भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल को प्रातःकालीन भ्रमण एवं आम नागरिकों के लिए निशुल्क सुबह के समय खोलने का आग्रह किया गया।
क्षेत्रवासियों ने गैस पाइपलाइन सुविधा को गैस क्षेत्र तक विस्तारित करने तथा मेट्रो परियोजना के कार्यों में तेजी लाने की भी मांग रखी। आलमनगर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर बुद्धेश्वर स्टेशन किए जाने पर रक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रबुद्धजनों ने कहा कि वर्तमान में लखनऊ में चौमुखी विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, जिससे शहर का स्वरूप निरंतर बदल रहा है। उन्होंने सड़क, फ्लाईओवर, रिंग रोड, मेट्रो तथा अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की सराहना करते हुए राष्ट्र प्रेरणा स्थल जैसे जनप्रेरक स्थलों के निर्माण की भी प्रशंसा की।



