अकबरपुर का नाम ‘लोहिया नगर’ मांग पर संस्तुति

लखनऊ : जनता दल यूनाइटेड, उ०प्र० के प्रदेश प्रवक्ता डा० के० के० त्रिपाठी ने अवगत कराया है कि उनके द्वारा दशकों से अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम डा0 राम मनोहर लोहिया किये जाने की लड़ाई जमीनी स्तर से लेकर भारत सरकार तक लड़ी है। उनके व्यक्तिगत अथक प्रयास एवं माननीय जार्ज फार्नाडिस के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने शासन के पत्र संख्या-463/23-9-2000-12आर/2000, दिनांक 09 जून 2000 के माध्यम से स्थानीय जनता की मांग पर जनपद अम्बेडकरनगर में स्थित अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर डा० राम मनोहर लोहिया किये जाने के लिए प्रस्ताव सचिव, भारत सरकार, रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली को प्रेषित किया गया था, जिसकी प्रति गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली, मुख्य सर्वेयर, भारतीय सर्वेयर विभाग, देहरादून, महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे, बड़ौदा हाउस, नई दिल्ली एवं जिलाधिकारी, अम्बेडकरनगर को पृष्ठांकित की गई थी, जिस पर अभी तक शासन स्तर पर कतिपय सूचनायें प्रेषित किया जाना लम्बित था, जिसको प्रेषित किये जाने हेतु उनके द्वारा मा० मुख्यमंत्री जी, उत्तर प्रदेश सरकार एवं मा० रक्षामंत्री जी, भारत सरकार को अनेकों पत्राचार किया गया एवं मा० रक्षामंत्री जी, भारत सरकार से व्यक्तिगत सम्पर्क किया गया।
तदोपरान्त मा० रक्षामंत्री जी के हस्तक्षेप के बाद मुगल शासक के दौरान से ही चले आ रहे अकबरपुर का नाम लोहिया नगर एवं अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम डा0 राम मनोहर लोहिया नगर किये जाने की कार्यवाही दुतिगामी गति से चलने लगी है। इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद, अकबरपुर की बोर्ड बैठक में इस सम्बन्ध में प्रस्ताव पारित किया गया। बोर्ड सदस्यों ने अकबरपुर का नाम लोहिया नगर एवं अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम डा० राम मनोहर लोहिया नगर किये जाने के नाम पर मुहर लगाई है। इस सम्बन्ध में प्रदेश शासन के अनुसचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव ने डीएम अनुपम शुक्ल से स्पष्ट आख्या के साथ संस्तुति भी मांगी है।
समाजवाद के पुरोधा रहे डा० राम मनोहर लोहिया के नाम से अकबरपुर का नाम लोहिया नगर एवं अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम डा0 राम मनोहर लोहिया के नाम से नामकरण होने से राष्ट्रीय स्तर पर अकबरपुर रेलवे स्टेशन को नई पहचान मिलेगी।



