CRPF के जांबाजों के बच्चों ने मैदान पर गाड़ा झंडा
वारियर्स ने जीता चंद्रावल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब

लखनऊ। चंद्रावल ग्रामसभा के भोनेवाल क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में वारियर्स (Warriors) क्रिकेट टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। CRPF कार्मिकों के बच्चों से सजी इस टीम ने अपने अनुशासन और बेमिसाल खेल कौशल से 32 टीमों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल मुकाबला वारियर्स टीम और कैथी लखनऊ के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वारियर्स टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 156 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सोनू ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेलते हुए महज 28 गेंदों में 12 छक्कों की मदद से 92 रनों की तूफानी पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन ने विपक्षी टीम के हौसले पस्त कर दिए।
157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैथी की टीम वारियर्स की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम महज 70 रनों पर सिमट गई।
रविश विक्रम सिंह ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 4 रन देकर विपक्षी टीम के 2 महत्वपूर्ण बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। पूरे टूर्नामेंट में बाएं हाथ के गेंदबाज इंद्रजीत का जादू सिर चढ़कर बोला, उन्होंने कुल 7 विकेट लेकर टीम को फाइनल तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाई।
टूर्नामेंट के समापन पर शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया, बेस्ट बल्लेबाज, विकास बाजीगर बेस्ट बॉलर, पियूष,
वारियर्स टीम की विशेषता यह है कि इसके सभी सदस्य लखनऊ में रह रहे CRPF कार्मिकों के बच्चे हैं। टीम की इस उपलब्धि ने युवाओं को ऑनलाइन गेमिंग और गलत गतिविधियों से दूर रहकर खेलों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, स्वास्थ्य और अनुशासन से जुड़ने का सकारात्मक संदेश दिया है। यह जीत खेलो इंडिया अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी प्रेरणा है।
इस शानदार जीत के बाद क्षेत्र के लोगों और लखनऊ स्थित CRPF परिवारों में जश्न और गर्व का माहौल है। स्थानीय खेल प्रेमियों ने बच्चों के इस जज्बे की जमकर सराहना की है।



