गाड़ी संख्या 12226/12225 कैफियात सुपरफास्ट एक्सप्रेस का गोसाईगंज स्टेशन पर ठहराव प्रारम्भ

लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल अपने सम्मानित यात्रियों को बेहतर एवं सुलभ यात्री सुविधाएँ प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। गाड़ी संख्या 12226/12225 कैफियात सुपरफास्ट एक्सप्रेस (दिल्ली–आजमगढ़–दिल्ली) का गोसाईगंज रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव का 20 नवम्बर 2025 को प्रारम्भ किया गया।
इस अवसर पर सांसद लालजी वर्मा तथा विधायक अभय सिंह द्वारा गोसाईगंज स्टेशन पर पहुँचकर कैफियात सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह स्टॉपेज सदस्य विधान परिषद (MLC) हरी ओम पाण्डेय जी के सतत प्रयासों एवं जनसुविधा के प्रति उनकी दृढ़ प्रतिबद्धता के फलस्वरूप सम्भव हुआ है l सांसद लालजी वर्मा ने कहा कि कैफियात सुपरफास्ट एक्सप्रेस का यह नया ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए एक महत्त्वपूर्ण सुविधा होगी । इससे न केवल क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी, बल्कि दैनिक आवागमन तथा लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल क्षेत्रीय विकास को नई गति प्रदान करेगा और नागरिकों को निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा । इस कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, आरती जायसवाल व अन्य गणमान्य क्षेत्रिय नागरिक उपस्थित रहे l
नया निर्धारित ठहराव इस प्रकार है—
● गाड़ी संख्या 12226 कैफियत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (दिल्ली से आजमगढ़)
• गोसाईगंज स्टेशन आगमन : 07:22 बजे प्रातः
• गोसाईगंज स्टेशन प्रस्थान : 07:24 बजे प्रातः
● गाड़ी संख्या 12225 कैफियत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (आजमगढ़ से दिल्ली)
• गोसाईगंज स्टेशन आगमन : 19:09 बजे रात्रि
• गोसाईगंज स्टेशन प्रस्थान : 19:11 बजे रात्रि
गोसाईगंज क्षेत्र के यात्रियों की लंबे समय से उठाई जा रही मांग को देखते हुए यह ठहराव अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इससे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, छात्रों एवं दैनिक यात्रियों को अत्यधिक सुविधा प्राप्त होगी। इस ठहराव के साथ लखनऊ मण्डल ने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।



