विमान दुर्घटना पीड़ितों के लिए विहिप ने किया आर्य समाज मंदिर में श्रद्धा-शांति यज्ञ

नई दिल्ली । दक्षिण दिल्ली के संत नगर स्थित आर्य समाज मंदिर में कर्णावती (अहमदाबाद) में हुई भीषण वायुयान दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि, परिजनों के प्रति संवेदना तथा घायलों की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ एक श्रद्धा-शांति यज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री विनोद बंसल ने कहा कि इस वायुयान दुर्घटना ने सिर्फ भारत ही नहीं, अपितु, संपूर्ण विश्व को स्तब्ध कर दिया है। टेक ऑफ के कुछ सेकेंड के अंदर ही विमान ऊपर की जगह, सीधा नीचे आ जाने की घटना, वैश्विक विमानन इतिहास की शायद विरली दुर्घटनाओं में से एक है। उड्डयन जगत के लोगों के लिए इसे गंभीरता से समझने और जांचने का विषय है।
दुर्घटना की भीषणता के कारण बहुत अधिक लोगों को तो नहीं बचाया जा सका किंतु, बिना देरी किए, जिस प्रकार से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समाज, शासन प्रशासन व एनडीआरएफ की टीम के साथ समन्वय बनाते हुए जो राहत और बचाव कार्य किए, उससे कई लोगों को बचाने में मदद मिली।
उन्होंने कहा कि विमान के ब्लैक बॉक्स जैसे महत्वपूर्ण अंग सुरक्षित मिलने से दुनिया भर के जांच कर्ताओं के लिए भी शायद अब यह संभव हो पाएगा कि दुर्घटना का कारण क्या था और आगे इस प्रकार की कोई दुर्घटना ना हो, इसके लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं। हमने आर्य समाज मंदिर संत नगर में आज के इस प्रातः कालीन श्रद्धा-शांति यज्ञ में आहुतियां लगाते हुए ईश्वर से कामना की है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, घायलों को शीघ्र स्वस्थ्य होने के साथ विश्व भर में इस तरह की कोई दुर्घटना दोबारा न होने पाए इसके लिए कुछ पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। ईश्वर हमारी इस प्रार्थना को स्वीकार करें।
वैदिक विदुषी दर्शनाचार्या विमलेश आर्या के ब्रह्मत्व में आज प्रातः कालीन पवित्र बेला में, पवित्र वेद मंत्रों के माध्यम से दी गई आहुतियों के माध्यम से उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने प्रभु से यह भी कामना की कि यह विमान दुर्घटना विश्व में अंतिम दुर्घटना साबित हो। इसके लिए विश्व समुदाय के साथ भारत द्वारा मामले की गंभीर जांच के बाद निकलने वाले निष्कर्षों को कठोरता के साथ लागू किया जाए।
इस यज्ञ में आर्य समाज मंदिर संत नगर के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सूद, विश्व हिंदू परिषद दक्षिणी दिल्ली के मंत्री राधा कृष्ण, समाजसेवी प्रोफेसर अंकुर राज, चंद्रकांता, विजयपाल कौशिक, ओमवती, बेबी, छोटू व हितेश के अलावा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।



