HCU के 400 एकड़ जमीन डील मामले में तेलंगाना हाईकोर्ट पहुंचे डॉ. के.ए. पॉल

हैदराबाद | प्रजा शांति पार्टी के अध्यक्ष और विश्व प्रसिद्ध ईसाई प्रचारक डॉ. के.ए. पॉल ने आज हैदराबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई गंभीर आरोप लगाए और दो बड़े मामलों पर न्यायिक हस्तक्षेप की जानकारी दी। उन्होंने तेलंगाना सरकार और कुछ मीडिया संस्थानों को सीधे-सीधे कटघरे में खड़ा किया।
डॉ. पॉल ने बताया कि उन्होंने तेलंगाना हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की है, जिसका मकसद हैदराबाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी (HCU) की 400 एकड़ जमीन की संदिग्ध डील को रोकना है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “ऑक्सफोर्ड, हार्वर्ड, येल जैसी यूनिवर्सिटी अपनी युवा पीढ़ी को संवारने के लिए फंड और जमीन सहेजती हैं और यहां हमारे नेता हैं जो यूनिवर्सिटी की जमीन औने-पौने दामों पर बेच रहे हैं। ये छात्रों का भविष्य सशक्त करने की बजाय ये नेता उनका भविष्य बेच रहे हैं।”
उन्होंने इस डील को ‘लैंड माफिया’ के साथ गठजोड़ बताते हुए कहा कि सरकारें अब शिक्षा, गरीबी हटाने या युवाओं के विकास में नहीं, बल्कि तात्कालिक लाभ में ज्यादा रुचि रखती हैं।
इसके अलावा, डॉ. पॉल ने आंध्र प्रदेश के चर्चित पादरी डॉ. प्रवीण पगडाला की मौत को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की है, जिसमें सीबीआई जांच की मांग की गई है।
डॉ. पॉल ने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया चैनलों ने जानबूझकर प्रवीण पगडाला की छवि धूमिल करने के लिए झूठे वीडियो प्रसारित किए। उन्होंने टीवी 5 के पत्रकार मूर्ति का नाम लेते हुए कहा कि “आईजी” के नाम का दुरुपयोग किया गया, ताकि इन वीडियोज को सही ठहराया जा सके।
“मैं इस तरह की मीडिया ट्रायल बर्दाश्त नहीं करूंगा। ये हिंदू बनाम ईसाई का मुद्दा नहीं है — और भारत इसकी इजाज़त नहीं देता। टीवी 5 हो या वार्नर चैनल — मैं सभी को कोर्ट के समक्ष लाऊँगा और सच को सामने लाकर रहूंगा।”
उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताया, लेकिन यह भी कहा कि कुछ कानून प्रशासन के लोग भी “गैरकानूनी गतिविधियों” में शामिल हैं, जिनका पर्दाफाश वो जल्द करेंगे।
आर्थिक स्थिति पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि भ्रष्टाचार और गलत नीतियों के कारण खासकर तेलुगु राज्यों में जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है।
अपने पूरे संबोधन में डॉ. पॉल ने बेबाक और मुखर तेवर नजर आए और कहा, “आप मुझे चुप नहीं करा सकते। आप मुझे खरीद नहीं सकते। मैं 40 साल से न्याय के लिए लड़ रहा हूं और आगे भी लड़ता रहूंगा।”
अंत में उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे जागरूक रहें, सच्चाई का साथ दें और उनके इस बयान को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं।



