श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ हुआ चैती महोत्सव का शुभारम्भ

लखनऊ । रविवार को चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन ऐशबाग रामलीला में भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव का शुभारम्भ हुआ।
प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी चैती महोत्सव की शुरुआत प्रातः गणेश पूजन एवं कलश स्थापना के साथ की गई कलश स्थापना एवं पूजन कार्यक्रम आचार्य पं० मंगलू पाधा जी ने सम्पन्न कराया, पूजन में श्री ऐशबाग रामलीला समिति के मंत्री शील कुमार अग्रवाल एवं राकेश अग्रवाल जी मौजूद रहे ।
पूर्व परंपरा के अनुसार दोपहर बाद मनोज तिवारी के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, संगीतमय सुंदरकांड पाठ ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया ।
इसके उपरांत संध्याकाल में भारतीय नववर्ष मेला एवं चैती महोत्सव का दीप जलाकर शुभारंभ राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने किया इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष हरिशचन्द्र अग्रवाल कोषाध्यक्ष ऋतुराज रस्तोगी मंत्री शील कुमार अग्रवाल व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।
मंच की शुरुआत रीना श्रीवास्तव की नृत्या डांस अकादमी के नृत्य से हुई इसके उपरांत रुद्र कला अकादमी के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं , बाल कलाकारों का नृत्य कौशल देख दर्शकों ने अपनी तालियों से उन्हे खूब प्रोत्साहित किया ।
एकडमी नृत्य के उपरांत श्रीकृष्ण लीलाओं का मंचन आरंभ किया गया जिसे कोलकाता के भास्कर नाट्य कला केंद्र के कलाकारों ने जीवंत किया । श्रीकृष्ण लीला में मंच पर कंस के अत्याचार, कृष्ण जन्म की कथा, देवकी वासुदेव विवाह, कंस वध की आकाशवाणी, बलराम जन्म की कथा, कारागार में भगवान का जन्म, वासुदेव द्वारा कृष्ण को नंद बाबा के घर ले जाने के दृश्य और नंदग्राम मे नंदोत्सव का मंचन देख दर्शक भाव विभोर हो उठे । श्रीकृष्ण लीला का मंचन भास्कर बोस के नेतृत्व मे किया गया जिसे दर्शकों का खूब साथ मिला ।
सोमवार को होने वाली लीला में बधाई गीत, पूतना वध, कागासुर वध, भगवान कृष्ण के नामकरण की कथा का मंचन किया जाएगा ।



