उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

एनडीएमसी मोबाइल ऐप NDMC 311 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को करेगी शामिल

दिल्ली सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 'विकसित दिल्ली' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम : चहल

नई दिल्ली | नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने दिल्ली सरकार द्वारा प्रस्तुत ₹1 लाख करोड़ के ऐतिहासिक बजट की सराहना करते हुए इसे राजधानी के समग्र विकास को गति देने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट बुनियादी ढांचे के विकास, जल आपूर्ति, स्वच्छता, सार्वजनिक परिवहन, हरित ऊर्जा और सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को सशक्त बनाएगा।

कुलजीत सिंह चहल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूरी कैबिनेट को दूरदर्शी दिल्ली सरकार के बजट के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप विकसित दिल्ली की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो राजधानी को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और वैश्विक शहर बनाने में सहायक होगा। उन्होंने विकसित भारत, विकसित दिल्ली और विकसित NDMC के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए टीम वर्क के महत्व को रेखांकित किया। श्री चहल ने यह भी उल्लेख किया कि दिल्ली सरकार ने पहली बार ₹1 लाख करोड़ का ऐतिहासिक बजट प्रस्तुत किया है, जो शहर के विकास की दिशा में एक नया मील का पत्थर है।

श्री चहल ने कहा कि NDMC क्षेत्र, जो दिल्ली का हृदयस्थल है, को इस बजट से विशेष रूप से स्वच्छता, हरित क्षेत्र विस्तार, जल आपूर्ति सुधार, सड़क एवं बिजली के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण के साथ-साथ पर्यटन एवं सांस्कृतिक संवर्धन में भी लाभ मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि यह बजट दिल्ली को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और वैश्विक शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि ‘PM Surya Ghar: Free Electricity Scheme’ के तहत सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और ओवरहेड केबल मुक्त दिल्ली बनाने की दिशा में किए गए प्रावधानों से बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही, पर्यटन और सांस्कृतिक संवर्धन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता से नई दिल्ली के ऐतिहासिक स्थलों को वैश्विक पहचान मिलेगी।

दिल्ली सरकार से जुड़ी समस्याओं के समाधान में एनडीएमसी 311 जैसा एप बनेगा समाधान:

श्री चहल ने बताया कि दिल्ली सरकार के विभिन्न विभागों में शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निवारण के लिए ₹15 करोड़ रुपये के बजट से एक नया ऐप विकसित किया जाएगा, जो NDMC 311 के समान होगा।

श्री चहल ने कहा परिषद ने NDMC311 मोबाइल ऐप, जो 2016 में लॉन्च किया गया था, जो परिषद के नागरिकों को परिषद क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की शिकायत दर्ज कराने की सुविधा प्रदान करता है। इसमे परिषद के 59 विभागों जुड़े है और इस ऐप के माध्यम से 2024-25 में 37058 (आज तक) और 2023-24 में 38,286 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का सफलतापूर्वक निवारण किया गया। शिकायतों का 99% तक समाधान किया जाता है, जिसमें स्वास्थ्य और सिविल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख होती हैं। शिकायतों के समाधान की अवधि उनकी प्रकृति पर निर्भर करती है, लेकिन अधिकांश मामलों में 24 घंटे से भी कम समय में समस्या हल कर दी जाती है। यह ऐप जूनियर से लेकर सीनियर अधिकारियों तक शिकायतों को स्वतः अग्रेषित करने की प्रणाली से लैस है, जिससे समाधान प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाया जाता है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि अब NDMC 311 मोबाइल एप्लिकेशन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक जोड़ी जाएगी, जिससे शिकायतों का स्वचालित विश्लेषण और वास्तविक समय में समाधान संभव होगा। इसके अलावा, NDMC जल्द ही पूरी तरह से डिजिटल भुगतान प्रणाली की ओर बढ़ रही है, जिससे संचालन को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

*बजट केवल संख्याओं का लेखाजोखा नहीं, बल्कि दिल्ली को “विकसित दिल्ली” बनाने का संकल्प*

श्री चहल ने इस बजट को दिल्ली को विकसित बनाने का पहला संकल्पित कदम बताते हुए कहा कि यह कोई साधारण बजट नहीं है, बल्कि पिछले 10 वर्षों से बदहाल हो रही दिल्ली को एक विकसित शहर बनाने की ठोस योजना है। उन्होंने कहा, “बड़ी आशाओं और अपेक्षाओं के साथ दिल्ली की जनता ने सही सरकार को चुना है, और यह बजट सिर्फ सरकारी खर्चों और आमदनी का हिसाब नहीं, बल्कि भविष्य के सुनियोजित विकास की नींव है।”

उन्होंने अंत में कहा कि NDMC प्रशासन इस बजट के प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए दिल्ली सरकार के साथ समन्वय स्थापित करेगा और क्षेत्र के नागरिकों को सर्वोत्तम सुविधाएँ प्रदान करने के प्रयासों को और अधिक मजबूत बनाएगा।

Related Articles

Back to top button