उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

फसल बोआई के समय उन्हें पर्याप्त फर्टिलाइजर्स उपलब्ध कराये: भाकपा

किसानों पर दमन और उनसे झूठे वायदे करना छोड़े डबल इंजन सरकार

नई दिल्ली/ लखनऊ : ऐसे समय में जब रबी की फसलों, तिलहन, आलू और तमाम कैश क्रोप्स की बोआई चल रही है और उनके उपयोग के लिए रासायनिक खादों की भारी जरूरत है, केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्य सरकारें किसानों को खाद उपलब्ध्द कराने में असमर्थ हैं।

खाद के लिए तमाम किसान सोसाइटीज़ और खाद बिक्री केन्द्रों पर दिन दिन भर लाइनों में खड़े रहते हैं और  या तो उन्हें खाद मिल नहीं पाता अथवा आवश्यकता से बहुत कम मात्रा में खाद उपलब्ध हो पा रहा है। इससे फसलों की बोआई बुरी तरह प्रभावित हो रही है, अतएव कृषि उत्पादन में कमी का संकट आ खड़ा हुआ है।

हालात यह हैं कि जरूरतमंद किसानों से सोसाइटीज़ के सचिव/स्टाफ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। यदि किसान कहीं नारेबाजी या विरोध प्रदर्शन करते हैं तो वहाँ उन पर बल प्रयोग किया जाता है। प्रायवेट दुकानदार कालाबाजारी कर किसानों को लूट रहे हैं। प्रशासन कोई उचित कार्यवाही नहीं कर पा रहा है।

किसानों का आरोप है कि केंद्र सरकार हो या भाजपा की राज्य सरकारें किसानों की आमदनी दो गुना करने के फर्जी दावे करती रहती हैं, उन्हें कुछ रेबड़ियाँ बाँट देती हैं, लेकिन फसल के लिए आवश्यक खाद, बीज, कीटनाशक आदि कम दामों में दिलाना तो दूर जरूरत भर दिला भी नहीं पाती हैं। इससे अनाज फल सब्जी उत्पादन में गिरावट आती है और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को हानि पहुँचती है।

भाकपा की मांग है कि सरकार को अतिशीघ्र किसानों को फर्टिलाइजर्स उपलब्ध कराने चाहिए और खेती- बाड़ी के लिए आवश्यक सभी वस्तुएं कम दामों पर पर्याप्त मात्रा में उनको मुहैया करानी चाहिए।

 

Related Articles

Back to top button