केजरीवाल सरकार ने सरकारी अस्पतालों में हीटवेव रोगियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है : वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि हर गुजरते दिन के साथ हीटवेव के तेज होने के बावजूद दिल्ली सरकार ने दिल्ली के गरीबों, विशेष रूप स्ट्रीट वेंडर, मजदूरों, रिक्शा, ठेला, ऑटो चालकों को उनकी हालत पर छोड़ दिया है।
यह चौंकाने वाली बात है कि हर रोज दिल्ली की सड़कों से 14 से 15 हीटवेव मौतों की रिपोर्ट मिल रही है, लेकिन दिल्ली सरकार ने गरीबों को सलाह देने की कोई व्यवस्था नहीं की है कि वे घर के अंदर रहें या कम से कम सीधी धूप से दूर रहें।
आज समय की मांग है कि दिल्ली सरकार गरीबों के साथ खड़ी हो ताकि वे 11 बजे से 4 बजे के बीच चरम हीटवेव के समय में खाने कमाने के लिए बाहर न जाएं, लेकिन दिल्ली सरकार के रैन बसेरों में पानी, खाना, पंखा और कूलर जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं जिससे गरीबों को बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
श्री सचदेवा ने कहा कि यह दुखद है कि दिल्ली सरकार इस मामले में निर्माण मजदूरों, सड़क विक्रेताओं या अन्य के लिए कोई परामर्श जारी नहीं कर रही है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि हर दिन सैकड़ों हीटस्ट्रोक मामले अस्पतालों में पहुंच रहे हैं, लेकिन सरकारी अस्पतालों में मरीजों के इलाज के लिए कोई विशेष वार्ड तैयार नहीं है।



