उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

आम आदमी पार्टी के नेताओं को नहीं है अदालत के फैसलों का सम्मान: बिधूड़ी

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी का संवाददाता सम्मेलन में जारी वक्तव्य

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी के नेता अदालतों में अपना पक्ष रखने की बजाय मीडिया के सामने निराधार आरोप लगा रहे हैं। आप नेता अदालतों के आदेशों का सम्मान करने की बजाय भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर द्वारा संचालित संवाददाता सम्मेलन में बिधूड़ी ने कहा कि आप के सांसद संजय सिंह ने झूठे और मनगढ़त आरोप लगाकर अपना मजाक बनवाया है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल तीन बार प्रचंड बहुमत से दिल्ली के मुख्यमंत्री बने हैं। पहली बात तो यह कि उन्हें दो बार बहुमत मिला है और 2013 में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। संजय सिंह ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल को परिवार और वकीलों से नहीं मिलने दिया जा रहा। बिधूड़ी ने याद दिलाया कि संजय सिंह खुद छह महीने जेल रहकर आए हैं। वो क्यों भूल जाते हैं कि जेल में सभी के लिए नियम एक जैसे होते हैं। माननीय दिल्ली हाई कोर्ट ने भी कल ही कहा है कि केजरीवाल के लिए नियम अलग नहीं हो सकते। वहां आम जनता और खास सभी बराबर होते हैं और उनके लिए नियम बराबर होते हैं। संवाददाता सम्मेलन में दिल्ली प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर भी उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि जहां तक परिवार से मिलने का सवाल है तो अरविंद केजरीवाल ही नहीं बल्कि कोई भी कैदी हफ्ते में दो बार अपने परिजनों और दूसरे लोगों से मिल सकते हैं। अभी मंगलवार को ही केजरीवाल की आधे घंटे तक अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल और पर्सनल असिस्टेंट बिभव कुमार से बात हुई है। कोर्ट कह रही है कि उन्हें विशेषाधिकार नहीं मिल सकता लेकिन संजय सिंह यह बात मानने के लिए तैयार नहीं हैं।
बिधूड़ी ने कहा कि जहां तक वकीलों से मिलने का सवाल है तो केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट से आज ही झटका लगा है। वह हफ्ते में पांच बार वकीलों से मिलना चाहते थे जबकि नियमानुसार एक बार ही मिल सकते हैं। वह पहले से ही हफ्ते में दो बार वकीलों से मुलाकात कर रहे हैं और ज्यादा मुलाकातें चाहते थे। इस बारे में उन्होंने अर्जी दाखिल की माननीय स्पेशल जज ने इससे इनकार किया है। अगर संजय सिंह को कोर्ट के फैसले का सम्मान नहीं है या उससे सहमत नहीं है तो ऊपरी अदालतों में जाएं। इसके लिए भाजपा या मोदी सरकार को कोसना बंद करें। वह और आम आदमी पार्टी के दूसरे नेता जो दलीलें मीडिया के सामने देते फिर रहे हैं, वहीं दलीलें अदालतों में क्यों नहीं देते? फैसला तो अदालतों ने ही करना है।
बिधूड़ी ने कहा कि तिहाड़ जेल तो दिल्ली सरकार के आधीन है लेकिन आम आदमी पार्टी के नेता नियम तोड़ना चाहते हैं और आरोप लगा रहे हैं कि उन्हें नियम नहीं तोड़ने दिए जा रहे। पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन ने जिस तरह जेल के नियम तोड़े थे, वह सारी दुनिया देख चुकी है।

उन्होंने कहा कि संजय सिंह ने यह भी आरोप लगाया है कि केजरीवाल को तिहाड़ जेल में यातनाएं दी जा रही हैं। अगर केजरीवाल को यातनाएं दी जा रही हैं तो उन्होंने मंगलवार को हाई कोर्ट के सामने इसकी शिकायत क्यों नहीं की। जाहिर है कि मीडिया में इस तरह की घटिया बातें कहकर संजय सिंह केवल सनसनी फैलाना चाहते हैं और अखबारों की सुर्खियों में रहना चाहते हैं। वह भूल जाते हैं कि इस तरह झूठी बातों से ही आज आदमी पार्टी की साख इतनी गिर गई है कि अब उनके अपने मंत्री राजकुमार आनंद ने केवल मंत्रिमंडल से ही नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी से ही इस्तीफा दे दिया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button