उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

भारत निर्वाचन आयोग तीन दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश पहुंचा, लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की तैयारियों की समीक्षा की

स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्थाओं पर आयोग ने की चर्चा

लखनऊ : प्रदेश में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की तैयारियों की समीक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग की 13 सदस्यीय टीम गुरुवार को तीन दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंची।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अगुवाई में निर्वाचन आयोग की टीम ने अपने दौरे के पहले दिन की शुरुआत भारत निर्वाचन प्रणाली के विकास पर आधारित प्रदर्शनी के शुभारंभ से किया। साथ ही आयोग की टीम ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।

इस दौरान भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके अलावा आयोग की टीम की राष्ट्रीय एवं राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक भी की।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल के साथ आयोग की टीम का एयरपोर्ट पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, नवदीप रिणवा ने स्वागत किया। उसके बाद भारत निर्वाचन आयोग की टीम एयरपोर्ट से सीधे योजना भवन पहुंची, जहां मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार, निर्वाचन आयुक्त अरुण गोयल और आयोग की टीम ने ‘निर्वाचन: बढ़ते कदम’ विषय पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन और शुभारंभ किया। इस प्रदर्शनी में समय के साथ भारतीय निर्वाचन प्रणाली में हुए विकास को दर्शाया गया है।

यह प्रदर्शनी नये मतदाता और आम नागरिकों के लिए काफी ज्ञानपरक है। इसमें 1951 में हुए आजाद भारत के पहले आम चुनाव से लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा 2013 में वीवीपैट अपनाने तक की पूरी यात्रा को प्रदर्शित किया गया है। साथ ही 489 सीटों पर हुए पहले आम चुनाव में 53 राजनीतिक दलों और 1874 उम्मीदवारों ने प्रतिभाग किया था, इसका भी जिक्र है। 1982 में केरल की फरूर विधानसभा में ईवीएम के उपयोग समेत समय के साथ निर्वाचन व्यवस्था में जोड़ी गई नई व्यवस्थाओं जैसे नोटा का प्रावधान, रंगीन पीवीसी इपिक, मतदान केंद्रों पर बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं को भी दिखाया गया है।

m

प्रदर्शनी का शुभारंभ करने के बाद भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार एवं सीएपीएफ नोडल अधिकारी एल. आर. कुमार, सेंट्रल सीएपीएफ नोडल अधिकारी सतपाल रावत, अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ एस. के साथ लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2024 की तैयारियों की समीक्षा की। उसके बाद सायं में भारत निर्वाचन आयोग की टीम ने राष्ट्रीय एवं राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक की। इस दौरान निर्वाचन आयोग की टीम ने सभी पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ एक-एक करके वार्ता की।

प्रदेश में आए भारत निर्वाचन आयोग की टीम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्त के साथ वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त धर्मेंद्र शर्मा, वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त नितेश व्यास, उप चुनाव आयुक्त अजय भादू, उप चुनाव आयुक्त हिृदेश कुमार, उप चुनाव आयुक्त आर॰के॰ गुप्ता, उप चुनाव आयुक्त एम॰के॰ साहू, महानिदेशक बी॰ नारायणन, निदेशक दीपाली मासिरकर, निदेशक शुभ्रा सक्सेना, सचिव पवन दीवान और संयुक्त निदेशक अनुज चांडक मौजूद रहे।
आयोग की टीम ने राष्ट्रीय एवं राज्य मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों में आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, इंडियन नेशनल कांग्रेस, अपना दल (सोनेलाल) और समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधियों से वार्ता की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button