बिजली चोरी में निर्दोष लोगों पर मनमानी पूर्ण एफआईआर के विरोध में कर्मचारी नेता हरि किशोर तिवारी ने शुरू की भूख हड़ताल

इटावा। विजय नगर मोहल्ले में विद्युत विभाग के कर्मियों द्वारा बिजली चोरी पकड़े जाने वाले मामले में महिलाओं समेत निर्दोष लोगों के विरुद्ध अनुचित और मनमानी पूर्ण धाराओं में एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा नेता हरि किशोर तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ एसडी फील्ड स्थित विद्युत अधिशाषी अभियंता कार्यालय पर अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है, जिसमें समर्थकों की लगातार भारी भीड़ जुटने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

कर्मचारी नेता हरि किशोर तिवारी ने बताया कि उक्त मामले में विद्युत विभाग के कर्मचारी सुशील दिवाकर द्वारा विभागीय अधिकारियों के सहयोग से लिखाई गई रिपोर्ट में सुहेल और इरफान के अलावा अतुल शुक्ला, हरि योगेंद्र शुक्ला, गौतम शुक्ला, इनकी पत्नियों और पुत्री दीप्ति शुक्ला के विरुद्ध मीटर टेंपरिंग गैंग और एससी एक्ट की धाराओं समेत अन्य गंभीर धाराएं लगाई गईं हैं, जो नितांत झूठी और फर्जी हैं ताकि इन्हें दबाव में लेकर इनसे अवैध वसूली की जा सके।

यह एकदम अनुचित और अन्याय पूर्ण है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और जब तक ये झूठी एफ आई आर और धाराएं वापस नहीं ली जायेगी, हम और हमारे साथी अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल करेंगे। मामले के समाधान हेतु सिटी मजिस्ट्रेट एवं कोतवाल भी वहां आए, लेकिन बात नहीं बनी। भूख हड़ताल में उनके साथ सभासद पंकज पचौरी, भाजपा नेता और सभासद शरद वाजपेई, अशोक द्विवेदी, देवेंद्र शुक्ला, देवेंद्र मिश्रा और देवेश भदौरिया भी बैठे हैं।
उधर हरि किशोर तिवारी के धरने पर बैठने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों की भारी भीड़ अनशन स्थल पर पहुंचने लगी है।



