राजस्थान में चुनाव प्रचार थमने के बाद मथुरा में प्रधानमंत्री का संबोधन आचार संहिता का खुला उल्लंघन : डॉ. गिरीश
निर्वाचन आयोग करे कार्यवाही, जबाव दें मतदाता : डा. गिरीश

लखनऊ/ जयपुर : भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश राज्यों के प्रभारी डा. गिरीश ने आरोप लगाया कि हर बार की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री मोदी आचार संहिता और नैतिकता की धज्जियां बिखेर कर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बार राजस्थान के चुनाव पर असर डालने की कोशिश है।
आज सायं पाँच बजे जब राजस्थान में चुनाव प्रचार थम जाएगा उसके तत्काल बाद मोदी जी और श्री योगी आदित्यनाथ जो कि इन चुनावों में भाजपा के स्टार प्रचारक हैं, राजस्थान की सीमा से एकदम सटे मथुरा में एक कथित धार्मिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और मीडिया खासकर टीवी चैनलों के माध्यम से राजस्थान के मतदाताओं को प्रभावित करने की चेष्टा करेंगे।
डा. गिरीश ने कहा कि गत लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण का प्रचार थम जाने के बाद प्रधानमन्त्री जी केदारनाथ में गुफा में जा बैठे थे और अपना कथित भक्तिभाव दर्शा कर प्रचार माध्यमों के जरिये चुनाव प्रचार को जारी रखा था। पिछले तमाम रिकार्ड्स बताते हैं कि जिस क्षेत्र में चुनाव प्रचार थम जाता है उसके बाद अथवा मतदान के दिन प्रधान मंत्री कुछ ऐसा आयोजन/ उपक्रम करते हैं कि मतदाताओं पर सीधे प्रभाव डाल सकें।
आज मथुरा का आयोजन भी इसी उद्देश्य से रखा गया है। पूर्व नियोजित तरीके से किए जा रहे इस कार्यक्रम के जरिये भी राजस्थान के मतदाताओं को छलने की कोशिश की जाएगी। ये निंदनीय कदम है, और आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। अपेक्षा है कि केंद्रीय निर्वाचन आयोग इसका संज्ञान ले उचित कार्यवाही करेगा।
डा. गिरीश ने राजस्थान के मतदाताओं से भी अपील की कि वे भाजपा नेत्रत्व की इस साजिश का कडा जबाव दें और भाकपा सहित अन्य धर्मनिरपेक्ष उम्मीदवारों के समर्थन में मतदान करें।



