उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

सोचा भी न था कि सभ्य होने का दम्भ पाले मौजूदा विश्व में बरवादी का इस कदर भीषण तांडव देखने को मिलेगा: डॉ. गिरीश

लखनऊ :  लगभग पौने दो वर्ष से चल रहा रूस यूक्रेन युध्द अभी थमा भी न था कि इजरायल और फिलिस्तीन की मुक्तिकामी ताकतों के बीच विनाशकारी महायुध्द शुरू होने से मानव, प्रकृति, पर्यावरण और संसाधनों के सर्वनाश की विनाशलीला शुरू हो गयी है। सोचा भी न था कि सभ्य होने का दम्भ पाले मौजूदा विश्व में बरवादी का इस कदर भीषण तांडव देखने को मिलेगा। यदि इस विनाशलीला को जल्द रोका न गया तो अघोषित तीसरे विश्वयुध्द की इस प्रचंड आग में सारा भूमंडल विनष्ट हो जायेगा और इस शानदार ग्लोब- पृथ्वी को निर्जन बना कर हम स्वयं कथित एलियन्स की चरागाह बना डालेंगे।

इस विनाशलीला से प्रकृति- मानव समाज, अन्य जीव जंतुओं, वनस्पतियों, जल- वायु, प्राक्रतिक संसाधनो और समूचे पर्यावरण को बचाने की अतीव और तात्कालिक आवश्यकता है। अतएव अखिल भारतीय शांति एवं एकजुटता संगठन- एप्सो (All India Peace and Solidarity Organisation- AIPSO) की उत्तर प्रदेश यूनिट ने- “रोको युध्द! बचाओ जीवन! पर्यावरण बचाओ! प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करो!” अभियान चलाने का संकल्प लिया है।

मुद्दे की गंभीरता को देखते हुये यूं तो यह अभियान 16 अक्तूबर 2023, सोमवार से प्रारंभ होकर निरंतर चलेगा, मगर हर सप्ताह के शुक्रवार, शनिवार एवं रविवार को सघन गतिविधियां आयोजित की जायेंगी। विचार गोष्ठियां, शान्ति मार्च, शान्ति के लिये मानव श्रंखला बनाना, युध्द की विभीषिका को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, छात्र- छात्राओं के बीच वाद-विवाद व चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन और नुक्कड़ एवं जनसभाएं आदि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनमत जाग्रत किया जायेगा।

अभियान में शान्ति, न्याय और प्राकृतिक संसाधनों के मानव उत्थान के लिये उपयोग की पक्षधर सभी ताकतों को एकजुट किया जायेगा। इस सोच वाले राजनैतिक दलों- खासकर वाम- लोकतांत्रिक शक्तियों, शांतिकामी संगठनों, पर्यावरण की रक्षा के लिये कार्य कर रहे संगठनो, सांस्कृतिक संगठनों, ट्रेड यूनियनों, किसान संगठनों, युवा- छात्र, महिला, दलित, आदिवासी एवं अल्पसंख्यकों के धर्मनिरपेक्ष व जनवादी संगठनों को सतत और संजीदा प्रयास कर अभियान से जोड़ा जायेगा।

अखिल भारतीय शान्ति एवं एकजुटता संगठन- एप्सो की उत्तर प्रदेश इकाई की पहल कदमी समिति के संयोजक डा॰ गिरीश ने यहां जारी प्रेस बयान में कहा कि सामरिक दादागीरी के बल पर अपने व्यापारिक हितों और विश्व के प्राकृतिक संसाधनों की लूट के लिये अमेरिका और उसके खेमे के धनाढ्य देशों ने दुनियाँ को तनाव और युद्ध की आग में झौंका हुआ है और वे बारी बारी से उनको चुनौती देने वाले देशों को निशाना बना रहे हैं।

इन्होने पहले वियतनाम, ईराक, लीबिया, अफगानिस्तान और लैटिन अमेरिकी देशों को निशाना बनाया- बरवाद किया, कोरिया का विभाजन किया और अब रूस की घेराबन्दी कर युध्द के हालात पैदा किए। यदि सोवियत संघ के विघटन, समाजवादी खीमे के पतन और शीतयुध्द की समाप्ति के बाद ‘नाटो’ (NATO) को भंग कर दिया जाता और उसका विस्तार न किया जाता तो संभवतः रूस- यूक्रेन युध्द न हुआ होता।

उन्होने कहा अमेरिकी प्रभुत्व वाले एकध्रुवीय विश्व में यदि फिलिस्तीन की आजादी और अलग फिलिस्तीन राज्य की मांग को दबाया न गया होता और न्यायपूर्ण तरीके से येरूशलम राजधानी के साथ फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना कर दी गई होती तो ‘हमास’ जैसे मिलीटेंट संगठन पैदा ही क्यों होते।

अतएव पागलपन की हद तक जा पहुंचे इन रक्त- पिपासु युद्धों को रोका जाना जरूरी है। फिलिस्तीन समस्या हो या यूक्रेन समस्या सभी का हल शांतिपूर्ण एवं न्यायोचित तरीके से बातचीत के द्वारा निकाला जाना चाहिये। संयुक्त राष्ट्र संघ को इसके लिये ठोस कदम उठाने चाहिए।

डा॰ गिरीश ने कहा कि हमने डेढ़ सौ सालों से अधिक आज़ादी की लड़ाई लड़ी थी। अतएव आज़ादी के महत्व को समझते हुये हमने फिलिस्तीन की आजादी और फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना की मांग का समर्थन किया था। गौरवशाली गुटनिरपेक्ष आंदोलन के नेता के तौर पर भी भारत फिलिस्तीनी जनता के सरोकारों से मजबूती से जुड़ा था। हमें सुपरीक्षित और परंपरागत इसी नीति पर आगे भी चलना होगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button