मणिपुर हिंसा में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि देने तथा मणिपुर में शान्ति व अमन चैन कायम करने हेतु राष्ट्रीय लोकदल द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया

लखनऊ । मणिपुर हिंसा में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि देने तथा मणिपुर में शान्ति व अमन चैन कायम करने हेतु राष्ट्रीय लोकदल द्वारा राजधानी लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर 30 जुलाई को युवा तथा छात्र रालोद द्वारा कैंडल मार्च निकाला गया जिसमें रालोद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। यह जानकारी आज राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने देते हुए कहा कि मणिपुर में जातीय संघर्ष ने सामाजिक ताने बाने का तहस नहस कर दिया है। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद जयन्त चौधरी तथा रालोद कार्यकर्ता मणिपुर शान्ति स्थापित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
श्री सिंह ने भारतीय जनता पार्टी को मणिपुर हिंसा का जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मणिपुर जैसे खूबसूरत राज्य को तबाह किया जा रहा है और बढ़ते जातीय संघर्ष में लोगों को जानबूझकर एक दूसरे के खिलाफ खडा किया जा रहा है। मणिपुर के लोगों के मन में डर और अनिश्चितता है मणिपुर में स्थिति बहुत गम्भीर है उन्होंने कहा कि मणिपुर में हजारों लोग अपने घरों से बेघर हो गये हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल द्वारा अभी कुछ दिनों पहले महिलाओं, आदिवासियों, दलितों तथा गरीबों के साथ हो रहे उत्पीड़न पर तत्काल रोक लगाने के लिए राष्ट्रपति जी को ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में भी रालोद नेताओं द्वारा प्रदेश मुख्यालय से हजरतगंज तक कैंडल मार्च निकाला गया जिसमें टीम आरएलडी के राष्ट्रीय संयोजक अनुपम मिश्रा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आरिफ महमूद, प्रदेश प्रवक्ता वेद प्रकाश शास्त्री, वरिष्ठ नेता, डाॅ0 सुरेश यादव, अम्बुज पटेल, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष आशीष तिवारी, सुमित सिंह, शफीक सिद्दीकी, अखण्ड प्रताप सिंह शामिल रहे।



