मणिपुर हिंसा व महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ प्रदेश के सभी आरएलडी जिला मुख्यालयों पर जिला एवं महानगर इकाइयों द्वारा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन 27 जुलाई को सौंपा जाएगा : मनजीत सिंह

लखनऊ । राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनजीत सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर मणिपुर में लगातार हो रही हिंसा और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर जिला एवं महानगर इकाइयों द्वारा राष्ट्रपति को आगामी 27 जुलाई को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
श्री सिंह ने बताया कि मणिपुर में महिलाओं के साथ जो घटना घटित हुई है वह मानवता को शर्मसार करने वाली हैं। सरकार ने इतनी बड़ी मानवीय त्रासदी को होने दिया जिसने मणिपुर के नाजुक सामाजिक ताने बाने को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। बड़े अफसोस की बात है कि मणिपुर घटना पर संसद के दोनों सदनों में कोई चर्चा नहीं हुई और न ही देश के प्रधानमंत्री जी ने अपना वक्तव्य दिया। भाजपा सरकार देश की बहन बेटियों की इज्जत के बारे में न तो बहुत ही गम्भीर है और न ही संवेदनशील है। किसी भी प्रदेश में हो लेकिन महिलाओं का सम्मान होना चाहिए।
श्री सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर मणिपुर में जातिगत राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मणिपुर में अराजकता और वीभत्स घटनाओं पर चर्चा न करने और निष्क्रियता के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की जितना निंदा की जाय कम है। उन्होंने मणिपुर सरकार को बर्खास्त करने की मांग की और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की भी मांग की।



