परिषद क्षेत्र में अब तक केवल 13 डेंगू, एक चिकनगुनिया और एक मलेरिया का मामला सामने आया : उपाध्यक्ष एनडीएमसी
परिषद ने अपने क्षेत्र में जल-जनित बीमारियों से निपटने के लिए की विभिन्न जन जागरूक पहल

नई दिल्ली : नई दिल्ली क्षेत्र में डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया की रोकथाम के लिए अंतर और अंतर-क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने के अपने निरंतर प्रयासों में, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने कई पहल की हैं – यह जानकारी के नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री सतीश उपाध्याय ने आज दी ।
श्री उपाध्याय ने इस बात पर प्रकाश डाला कि एनडीएमसी सार्वजनिक स्वास्थ्य संदेश प्रसारित करने के लिए विभिन्न सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्रियों का सक्रिय रूप से उपयोग कर रहा है । इसके तहत, एनडीएमसी ने पुस्तिकाओं के रूप में हजारों स्वास्थ्य सामग्री वितरित की हैं । परिषद् अपने क्षेत्र में आने वाले झुग्गी झोपड़ियो, मार्किटो और आवासीय कॉलोनियो में अब तक 53 नुक्कड़ नाटक आयोजित कर चुकी है ।

परिषद् द्वारा उनके क्षेत्र में आने वाले स्कूलों, सीपीडब्ल्यूडी केन्द्रों, पुलिस स्टेशनों, दूतावासों, निवास आयुक्तों को जल जनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए क्या करना है और क्या नहीं करना है पत्रों के माध्यम से सन्देश भेजे गए हैं । एनडीएमसी आम जनता के बीच ज्यादा से ज्यादा जागरूकता बढ़ाने के लिए जून 2023 से हर महीने समाचार पत्रों के माध्यम से भी सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित कर रही है।
उन्होंने कहा कि पालिका सचिव की अध्यक्षता में एनडीएमसी के मुख्यालय स्तर पर टास्क फोर्स की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की गई हैं। इसके अलावा, एनडीएमसी ने क्षेत्र के अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों को पत्र जारी किया है, जिसमें वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए सर्वोत्तम प्रथाओं पर जोर दिया गया है। परिषद् ने इस उद्देश्य के लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (एमटीए) के साथ अब तक 41 बैठकें आयोजित कर चुकी है ।

उन्होने बताया कि स्कूली बच्चों के बीच जागरूकता बढ़ाने के प्रयास में, एनडीएमसी ने अपने सभी स्कूलों में डेंगू स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिक्षा इकाई के माध्यम से डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए क्या करें और क्या न करें पर पुस्तिकाएं प्रसारित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि अब तक मलेरिया परीक्षण के लिए लगभग 6000 रक्त नमूनों लिए जा चुके है, लार्वा रोधी कार्यों के लिए मलेरिया रोधी गैंगमैन द्वारा 4 लाख घरों और 9 लाख कंटेनरों का निरीक्षण किया जा चुका है और मच्छर जनित स्थितियों या प्रजनन के लिए 1175 नोटिस परिषद् द्वारा जारी किए गए । लगभग 12,000 घरों में सिंथेटिक पाइरेथ्रोइड्स का छिड़काव और लगभग 68,000 घरों और वाणिज्यिक स्थानों पर फॉगिंग की जा चुकी है । इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, जनवरी 2023 से जुलाई 2023 तक एनडीएमसी क्षेत्र में केवल 13 डेंगू, एक चिकनगुनिया और एक मलेरिया का मामला सामने आया है ।
श्री उपाध्याय ने इस बात पर जोर दिया कि डेंगू, मच्छरों से होने वाली सबसे खतरनाक और भयानक बीमारियों में से एक है, इसलिए डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों को रोकने के लिए प्राथमिक उपाय के रूप में मच्छरों के प्रजनन स्थलों को पूरी तरह से नष्ट करना आवश्यक है। उन्होंने नई दिल्ली क्षेत्र में सरकारी या निजी भवनों/परिसरों के सभी मालिकों या कब्जाधारियों से ओवरहेड पानी की टंकियों के ढक्कन को पारंपरिक फ्लैप प्रकार से बदलकर स्क्रू प्रकार में करने का आह्वान किया। उन्होंने सलाह दी कि किसी भी वेक्टर जनित बीमारियों को रोकने के लिए बदले गए कवर को हर समय टैंक के साथ ठीक से सुरक्षित और बांधा जाए। उन्होंने कहा कि इन उपायों का ध्यान रखकर आप न केवल खुद को सुरक्षित रख सकते हैं बल्कि अपने परिवार को भी बीमारियों से फैलने से रोक सकते हैं।
डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों को रोकने के लिए, श्री उपाध्याय ने कहा कि हमें अपने घर और उसकी आस पास के क्षेत्र को साफ सुथरा रखना है और यह सुनिश्चित करना है कि आस-पास पानी जमा न हो । श्री उपाध्याय ने कहा कि परिसर में मच्छरों के प्रजनन के कारण एनडीएमसी (मलेरिया और अन्य मच्छर जनित रोग) उपनियम 2007 की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रावधानों के अनुसार कानूनी कार्रवाई हो सकती है।



