लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चर्चित जीवन प्रसंगों का सजीव मंचन
एसएनए में पटेल जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रशिल्पी सरदार का मंचन

लखनऊ। देश के प्रथम गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को राष्ट्रशिल्पी सरदार का मंचन किया गया। शनिवार को एसएनए के गाडगे प्रेक्षागृह में संगीत नाटक अकादमी की रसमंच योजना व संस्कृति विभाग के सहयोग से हुए नाट्य मंचन का निर्देशन शिवेन्द्र पटेल ने किया।

मां महेश्वरी सांस्कृतिक सेवा समिति एवं जनवीणा चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में हुए कार्यक्रम का शुभारम्भ विधान परिषद सदस्य इंजी. अवनीश कुमार सिंह, एसएनए की पूर्व अध्यक्ष डॉ. पूर्णिमा पांडे, आईएएस डॉ. हीरालाल, सेवानिवृत्त आईएएस अरुण कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
नाटक के माध्यम से पटेल के चर्चित जीवन प्रसंगों का सजीव मंचन हुआ। किस तरह से सीमित संसाधनों के बीच साधारण मनुष्य की तरह झंझावातों से जूझते पटेल के सतत आगे बढने, गुरू महानंद को गुरूदक्षिणा देने, अपने स्थान पर अपने बड़े भाई को बैरिस्टर की पढ़ाई के लिए लंदन भेजने, हैं, जज को फटकार लगाने, पत्नी झबेरबा की मृत्यु का तार प्राप्त होने के बाद भी कोर्ट की कार्यवाही पूरी करने तथा हैदराबाद को भारतीय गणराज्य में मिलाने जैसे प्रसंगों को मंच पर उतारा गया। सरदार पटेल के जीवन काल में उनके सहयोगी रहे राजेन्द्र भगत के मूल गुजराती नाटक के हिन्दी रूपांतरण व मंचन को दर्शकों ने काफी सराहा।
मंच पर सूत्रधार के रूप में आशुतोष गुप्ता, सरदार वल्लभ भाई पटेल के रूप में क्रमशः योगेश शुक्ला, अमरेश आर्यन, विट्ठलभाई पटेल के रूप में सचिन तिवारी, जवाहरलाल नेहरू के रूप में राज दूबे, महात्मा गांधी के रूप में अम्बुज बघेल, सुभाषचंद्र बोस के रूप में आशीष सिंह, भूला भाई के रूप में शक्ति मिश्रा, मी. विल्सन के रूप में सचिन तिवारी, जज के रूप में आशीष सिंह, वीपी मेनन के रूप में शक्ति मिश्रा, शेख अब्दुल्लाह के रूप में अनूप कुमार अवस्थी, मौलाना अबुल कलाम आजाद के रूप में प्रदीप सक्सेना, कृपलानी के रूप में जयवंत सिंह, रोहित बोस के रूप में आदर्श तिवारी, हरिकिशन पटेल के रूप में आशुतोष सिंह, पुलिस की भूमिका में जयवंत सिंह आदि ने सराहनीय अभिनय किया। प्रकाश संयोजन मनीष सैनी, रंग संगीत आदर्श तिवारी, मुख सज्जा शहीर, वस्त्र विन्यास सुषमा शुक्ला तथा नृत्य संयोजन श्रुति शर्मा का रहा। पार्श्व भूमिका में अंकित वर्मा, आशुतोष सिंह, विकास दुबे आदि प्रमुख रहे।



