पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश में 3 दिन और बिहार में एक दिन के राजकीय शोक
सैफई में पहुंचा पार्थिव शरीर, अंतिम दर्शन को जुटी भीड़, अंतिम संस्कार तीन बजे होगा

लखनऊ /गुरुग्राम. समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने सोमवार सुबह 8:16 बजे मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली. 82 वर्षीय मुलायम सिंह
का गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में पिछले 50 दिन से इलाज चल रहा था। यूरिन और ब्लड प्रेशर की समस्या बढ़ने के बाद 2 अक्टूबर को उन्हें क्रिटकल यूनिट में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद उनके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ।

निधन के उनके पुत्र अखिलेश यादव ने जानकारी दी कि मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेताजी नहीं रहे।

पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व रक्षा मंत्री के निधन पर उत्तर प्रदेश में 3 दिन और बिहार में एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। अंतिम संस्कार के लिए मुलायम का पार्थिव शरीर सैफई स्थित पैतृक निवास लाया गया है। मंगलवार दोपहर 3 बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ शाम को सैफई पहुंचे और मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।

अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी भी मौजूद रहेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के भी अंतिम संस्कार में शामिल होने की सम्भावना है । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को श्रद्धांजलि देने के लिए मेदांता भी पहुंचे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव सहित सभी बड़े नेताओं ने यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रह चुके मुलायम को श्रद्धांजलि दी है।

मुलायम पिछले दो साल से बीमार चल रहे थे, 26 सितंबर से मेदांता में भर्ती थे
मुलायम सिंह यादव दो साल से बीमार चल रहे थे। परेशानी अधिक बढ़ने पर उन्हें अक्सर हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाता रहा। पिछले साल उन्हें कोरोना भी हुआ था। 26 सितंबर 2022 को आखिरी बार चेकअप के लिए मुलायम सिंह यादव मेदांता गुरुग्राम पहुंचे थे। तब से आखिर तक वे वहीं भर्ती थे।

5 सितंबर 2022 को भी मुलायम सिंह को मेदांता में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था। अक्टूबर 2020 में मुलायम कोरोना पॉजिटिव भी हो गए थे, हालांकि उन्होंने वैक्सीन लगवाई थी। अगस्त 2020 में पेट दर्द के चलते मेदांता में भर्ती कराए गए थे। जांच में यूरिन इन्फेक्शन का पता चला था।

तीन बार UP के मुख्यमंत्री और सात बार सांसद रहे
जवानी के दिनों में पहलवानी का शौक रखने वाले मुलायम सिंह ने 55 साल तक राजनीति की। मुलायम सिंह 1967 में 28 साल की उम्र में जसवंतनगर से पहली बार विधायक बने। जबकि उनके परिवार का कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं था। 5 दिसंबर 1989 को मुलायम पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। बाद में वे दो बार और प्रदेश के CM रहे। उन्होंने केंद्र में देवगौड़ा और गुजराल सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। नेताजी के नाम से मशहूर मुलायम सिंह सात बार लोकसभा सांसद और नौ बार विधायक चुने गए।

सपा कार्यालय से बाहर निकल कर फूट फूटकर रोये सपा नेता राम सिंह राणा.
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने शोक जताया.
मुलायम सिंह के निधन का समाचार सुन पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप बिलख कर रों पड़े.
सुन्नी मुस्लिम धर्म गुरु खालिद रशीद फिरंगी महली पहुंचे सेफाई , धर्म गुरु ने पहुंच कर शोक व्यक्त किया ।

उड़ीसा के सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने सैंड से मूर्ति बनाकर दी स्व. मुलायम सिंह को श्रद्धांजलि.



