लखनऊ: प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शक्ति भवन में ‘सम्भव’ पोर्टल के तहत जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता से शिकायत के संबंध में ऑनलाइन बात की और मौके पर ही अधिकारियों को शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई में उन्होंने 21 शिकायतों की सुनवाई की और इनका तत्काल समाधान किया। इस दौरान उन्होंने आगरा के शिकायतकर्ता श्री वेद प्रकाश शर्मा के 27 वर्ष पुरानी समस्या का समाधान किया। उन्होंने कहा कि श्री वेद प्रकाश शर्मा ने अपने पुत्र श्री निदेश कुमार शर्मा के नाम से 14/277 मदन मोहन दरवाजा, फुलट्टी बाजार, आगरा पर संयोजन के लिए आवेदन किया था। किंतु उस परिसर पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड व टोरेंट का बकाया होने के कारण संयोजन नहीं मिल रहा था। श्री वेद प्रकाश ने उस परिसर में अगस्त 1995 में अपने संयोजन का स्थाई विच्छेदन करवा दिया था। लेकिन दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड से टोरेंट को 2010 में डाटा स्थानांतरित करते समय यह संयोजन लाइव था, जिसके कारण नया संयोजन नहीं मिल पा रहा था, जिसका समाधान कराया गया।
इसी प्रकार जिला शामली के शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार को 5 वर्ष से बिना विद्युत मीटर के 2,000 से अधिक का बिल निर्गत किया जा रहा था, जिसका समाधान कराया गया। इसी प्रकार मंत्री जी ने सम्भव पोर्टल पर बिल संशोधन, विद्युत आपूर्ति, न्यू कनेक्शन, विद्युत पोल लगाने, एबीसी केबल लगाने, मीटर लगाने, ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि, विद्युत चोरी, मीटर खराबी से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई और 21 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जन सुनवाई के दौरान ऊर्जा मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी मीटर रीडर गलत बिल जारी करें उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बिलिंग एजेंसी को भी नोटिस दिया जाए। उन्होंने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक डिस्कॉम में मीटर की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे।
ऊर्जा मंत्री ने बुंदेलखंड में दलालों द्वारा किसानों के निजी नलकूप संयोजन दिलाने के मामले में 02 लाख रुपये लेकर गायब हो जाने के मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधीक्षक को ऐसे लोगों को पकड़ने के निर्देश दिए तथा इसमें विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप गंभीरता से राजस्व वसूली के भी निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अपर मुख्य सचिव ऊर्जा महेश चन्द्र गुप्ता, चेयरमैन पावर कारपोरेशन एम देवराज, प्रबंध निदेशक उत्पादन एवं वितरण पी गुरू प्रसाद, प्रबंध निदेशक पावर कारपोरेश पंकज कुमार मौजूद थे तथा सभी डिस्काम के प्रबंध निदेशक ऑनलाइन जुड़े थे।