उत्तर-प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ
डा. नीरज बोरा को अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष की कमान
व्यावसायिक शिक्षा मंत्री कपिलदेव अग्रवाल बने प्रदेश प्रभारी

यूपी की 214 सदस्यीय प्रदेश कार्यकारिणी घोषित
चेरिश टाइम्स न्यूज़
लखनऊ । विधायक डॉ. नीरज बोरा उत्तर प्रदेश में एक बार पुनः अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालेंगे। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री कपिलदेव अग्रवाल को प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवगठित प्रदेश इकाई में बरेली कैंट के विधायक संजीव अग्रवाल, पूर्व मंत्री एवं बहराइच की विधायक डॉ. अनुपमा जायसवाल तथा चन्दौली के विधायक रमेश जायसवाल को वरिष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष, आगरा के विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, गाजियाबाद के नानकचन्द गोयल, गोण्डा के अटल गुप्ता, प्रतापगढ़ के रमेश अग्रहरि, जालौन के दिलीप सेठ, अलीगढ़ के जगमोहन गुप्ता और वाराणसी के के.डी. अग्रवाल को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। वरिष्ठ महिला नेत्री श्रीमती मिथलेश अग्रवाल महिला इकाई के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व निभायेंगी।
संगठन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार एयरोसिटी नई दिल्ली स्थित आईबीआईएस होटल में आयोजित चिन्तन बैठक में संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता, महामंत्री राजीव मित्तल की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश की नई कार्यकारिणी का गठन और अनुमोदन हुआ। सर्व वैश्य समुदाय को संगठित करने तथा सामाजिक कार्यों को गति देने पर सहमति बनी। प्रदेश अध्यक्ष के पद पर एक बार पुनः लखनऊ उत्तर के विधायक एवं वरिष्ठ वैश्य नेता डॉ. नीरज बोरा को आसीन किया गया। सांगठनिक दृष्टि से उत्तर प्रदेश को पूर्वांचल, मध्यांचल और पश्चिमांचल में विभक्त करते हुए समाज को जोड़ने तथा तहसील व नगर स्तर तक संगठनात्मक ढांचा तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। लखनऊ के मनोज अग्रवाल, डॉ. अजय गुप्ता, डॉ. अनिल गुप्ता, बरेली के जितेन्द्र रस्तोगी, मीरजापुर के चन्द्रांशु गोयल, मथुरा के रविकान्त गोयल तथा कानपुर के नीरज गुप्ता को प्रदेश महामंत्री, लखनऊ की अल्पना गुप्ता और महेन्द्र गुप्ता को कार्यालय मंत्री समेत प्रदेश के समस्त वैश्य उपवर्गों को सम्मिलित करते हुए 214 सदस्यीय कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें प्रदेश के वैश्य मंत्री, विधायक, सांसद एवं विशिष्ट जनों को एडवाइजर बनाया गया है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने पुनः मनोनयन पर शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे समाज के विभिन्न घटकों को एकजुट करने और संगठन की अपेक्षाओं को पूरा करने का हर सम्भव प्रयास करेंगे।




