अमेठी, रायबरेली और सुल्तानपुर के किसानों की चिंता पर सांसद किशोरी लाल शर्मा की पहल
अमेठी। अमेठी और रायबरेली से गांधी परिवार के लंबे राजनीतिक एवं जनसंपर्क के इतिहास के बीच अब अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के किसानों से जुड़े मुद्दे को भी प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया है। किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से हो रहे नुकसान और प्रमुख मार्गों पर बढ़ते सड़क दुर्घटनाओ के खतरे को लेकर सांसद ने अमेठी, रायबरेली और सुल्तानपुर के जिलाधिकारियों को अलग-अलग पत्र भेजकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई का आग्रह किया है।
हाल की अतिवृष्टि के बाद किसान पहले से ही परेशान हैं। धान की फसल पककर तैयार होने की कगार पर है, ऐसे में आवारा पशुओं के झुंड खेतों में पहुंचकर किसानों की मेहनत और फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं सड़कों और चौराहों पर पशुओं के जमावड़े से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
सांसद ने तीनों जनपदों के प्रशासन से जनहित और किसान हित को प्राथमिकता देते हुए आवारा पशुओं को खेतों एवं मुख्य मार्गों से हटाकर निकटतम गौशालाओं में संरक्षित कराने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
अमेठी-रायबरेली से जुड़े गांधी परिवार के पुराने जनसरोकारों की पृष्ठभूमि में सुल्तानपुर को भी किसान और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों के व्यापक क्षेत्रीय सरोकार से जोड़ते हुए उठाई गई यह पहल तीनों जनपदों के लोगों से जुड़े विषयों को एक साथ प्रशासन के सामने रखने का प्रयास है।



