स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत लखनऊ मण्डल मे स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम

लखनऊ : ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत 29 सितंबर 2026 को वाराणसी, लखनऊ एवं जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर स्वास्थ्य, स्वच्छता और कचरा पृथक्करण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वाराणसी जंक्शन के पास स्थित हेल्थ यूनिट में वरिष्ठ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कृष्ण मोहन मिश्रा, मंडल यांत्रिक अभियंता दिवाकर वार्ष्णेय एवं स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के नेतृत्व में रेल कर्मचारियों और सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में करीब 120 रेल कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों के स्वास्थ्य की जांच की गई। साथ ही, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रखने के लिए जरूरी जानकारी दी गई। इसी क्रम में जौनपुर जंक्शन पर यात्रियों, सफाई मित्रों, कैंटीन संचालकों और वेंडरों को कचरे को सही तरीके से अलग-अलग रखने के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें गीला, सूखा और विशेष देखभाल वाला कचरा संबंधित कूड़ेदान में डालने तथा प्लास्टिक एवं अन्य रिसाइक्लेबल कचरे को अलग एकत्र कर अधिकृत रिसाइक्लर्स को देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। इस अभियान के तहत मंडल के उन्नाव, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रयाग जंक्शन, अमेठी, रायबरेली सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी सफाई अभियान चलाया गया। रेल कर्मचारियों और सफाई कर्मियों ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, यात्री आवागमन क्षेत्रों एवं आसपास के स्थानों की सफाई की तथा यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ कचरे के सही पृथक्करण और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देना तथा रेल कर्मचारियों, सफाई मित्रों और यात्रियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक करना है।



