वडनगर से वाराणसी यात्रा के दिल्ली पहुंचने पर मुख्यमंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने यात्रियों का अभिनंदन किया

नई दिल्ली : प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस एवं राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित “सेवा संकल्प अभियान 2026” के अंतर्गत उनके जन्म स्थल वडनगर गुजरात से उनकी वर्तमान राजनीतिक कर्मभूमि वाराणसी उत्तर प्रदेश तक निकाली जा रही युवा रैली आज नई दिल्ली पहुंची जहां उसमे शामिल युवाओं का भव्य अभिनंदन किया गया।
गुरुग्राम दिल्ली बार्डर पर जब यात्रा पहुंची तो वहां उसका प्रारम्भिक स्वागत सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी एवं कमलजीत सहरावत के साथ भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा, दिल्ली युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी और रोहित चहल आदि ने किया।
दिल्ली भाजपा के उपरोक्त नेता वडनगर से आई यात्रा को लेकर राष्ट्रपति बॉडीगार्ड्स मैदान पहुंचे जहां दिल्ली की मुख्य मंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने सभी यात्रियों का व्यक्तिगत अभिनंदन किया और सभी ने “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 योजनाओं के निमित वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता वी.डी. शर्मा, भाजपा महामंत्री हरीश द्विवेदी, दिल्ली भाजपा के सह प्रभारी जमयांग सेरिंग नामग्याल, सांसद मनोज तिवारी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जयप्रकाश, दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद , सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा आदि उपस्थित थे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पूरे प्रदेश में जहाँ-जहाँ भी आपका आगमन हो रहा है, वहाँ आप लोग सेवा के कार्य भी कर रहे हैं। चाहे स्वच्छता की बात हो, वृक्षारोपण की बात हो या वहाँ के धार्मिक स्थलों को भारत की विरासत के रूप में संरक्षित रखते हुए उनकी स्वच्छता की बात हो।
श्री मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है और उस विकसित राष्ट्र के विरासत को संयोजन के काम हम सब की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वाडनगर से चली यह विकास यात्रा वाराणसी तक जाएगी इसलिए आप सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस यात्रा के भी साक्षी हैं जो मुख्यमंत्री के रूप में शुरू होकर विश्व के सबसे लोकप्रिय प्रधान सेवक के रूप में आज जाने जा रहे हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बड़नगर से वाराणसी की यह अद्भुत यात्रा है, जिसके आप साक्षी बन पा रहे हैं, इसके लिए मैं हमारे संगठन को बधाई देती हूँ। हमारे बीच जितने भी गणमान्य बैठे हैं उनकी ओर से हम सब मिलकर आपको बहुत साधुवाद और शुभकामनाए देते हैं।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का इस यात्रा से बेहतर कोई और उदाहरण नहीं हो सकता। यह यात्रा, जो आप सभी के माध्यम से शुरू हुई है, पूरे भारतवर्ष में प्रेम, भाईचारे, हमारी विरासत के प्रति हमारी भावनाओं और देशभक्ति की हमारी गहरी जड़ों को लेकर आगे बढ़ रही है। आप इस संदेश को पूरे भारतवर्ष में ले जाने के लिए निकले हैं।
राष्ट्रपति बॉडीगार्ड्स मैदान से यात्रा संसद मार्ग गई जहां दिल्ली सरकार के मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह ने सरकार की ओर से औपचारिक अभिनंदन कर यात्रा को नोएडा के लिए विदा किया।



