देश अभी कांग्रेस द्वारा चुनाव आयुक्त शकधर एवं गिल को उपकृत करने और टी.एन. शेषन को प्रताड़ित करने को भूला नही है : प्रवेश वाही

नई दिल्ली : दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने आज एक प्रेस वार्ता में उपमहापौर डा. मोनिका पंत की उपस्थिति में विपक्षी दलों खासकर आम आदमी पार्टी एवं कांग्रेस द्वारा एस.आई.आर. की आड़ में भारत के चुनाव आयोग जैसी प्रतिष्ठित संस्था की छवि धूमिल करने के प्रयास की निंदा की है। दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर ने प्रेस वार्ता का संचालन किया।
महापौर ने कहा है कि “आप” नेता अरविंद केजरीवाल एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा धूमिल करने का यह कोई पहला मामला नही, इन दोनों की यह पुरानी आदत है।
अरविंद केजरीवाल जब दिल्ली के मुख्य मंत्री थे तो लोकतंत्र की सबसे पहली संवैधानिक सीढ़ी दिल्ली नगर निगम के फंड्स रोक कर उसे बर्बाद करने की हर सम्भव कोशिश की और फिर जब 2022 में दिल्ली नगर निगम चुनाव में “आप” सबसे बड़ी पार्टी के रूप में चुनी गई तो लगभग 2 साल नगर निगम का संवैधानिक गठन ना होने देकर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम की स्वायत्ता को नष्ट किया।
महापौर एवं उपमहापौर ने संयुक्त ब्यान में कहा कि कांग्रेस नेता आज एस.आई.आर. को लोकतंत्र के लिए खतरा बता रहे हैं, वह बतायें की उनकी दादी स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा लगाये आपातकाल से बड़ा लोकतंत्र पर कोई हमला हो सकता है।
श्री वाही ने कहा कि गत 12 वर्ष से पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम से लेकर राज्य विधानसभा तक के चुनाव हार रहे विपक्षी दल पहले ई.वी.एम. हैक के बहाने चुनाव आयोग की छवि धूमिल करना चाहते थे और आज एस.आई.आर. को हथियार बनाना चाह रहे हैं पर वह कभी सफल नही होंगे।
देश अभी भूला नही है कि आज चुनाव आयोग पर ऊंगली उठा रही कांग्रेस ने चुनाव आयुक्त पद पर बैठा कर पहले श्री एस.एल. शकधर एवं डा. एम.एस. गिल की शक्तियों का दुरुपयोग करवाया फिर उन्हे रिटायर्मेंट के बाद बड़े पदों से नवाज़ा तो वहीं सख्त चुनाव आयुक्त श्री टी.एन. शेषण को प्रताड़ित करना भूला नही है।



