उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में सादगी के साथ मनाई गई पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती

लखनऊ । देश के पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आज सादगी के साथ मनाई गई। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि डा. मनमोहन सिंह जी देश को आर्थिक महाशक्ति बनाने वाले महानायक थे। डॉ. मनमोहन सिंह जी सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की अर्थव्यवस्था के शिल्पकार थे। 1991 में देश के वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने जो आर्थिक उदारीकरण के ऐतिहासिक कदम उठाए, उसी का नतीजा है कि भारत आज वैश्विक पटल पर एक बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनकर खड़ा है। एक प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 10 वर्षों तक बेहद संजीदगी, शालीनता और अटूट ईमानदारी के साथ देश का नेतृत्व किया, जो आज के समय में सार्वजनिक जीवन जीने वाले हर व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। मनरेगा जैसी योजना से ग्रामीण भारत के करोड़ों परिवारों को रोजगार की सुरक्षा मिली, तो वहीं सूचना का अधिकार अधिनियम लाकर उन्होंने शासन-प्रशासन में अभूतपूर्व पारदर्शिता स्थापित की। शिक्षा का अधिकार और खाद्य सुरक्षा कानून जैसे कदम देश की गरीब और वंचित आबादी को मुख्यधारा में लाने के लिए मील का पत्थर साबित हुए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उ.प्र. कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद, मीडिया विभाग के कोआर्डिनेटर पुनीत पाठक, प्रवक्ता सिद्धिश्री, अरशद खुर्शीद आदि वरिष्ठ नेताओं ने डाॅ. मनमोहन सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



