“सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत श्रमिक हित में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ । प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं शासन की मंशा के अनुरूप “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत कल्पना श्रीवास्तव, अपर श्रम आयुक्त, लखनऊ क्षेत्र, लखनऊ के निर्देशन में 17 एवं 18 सितम्बर 2026 को श्रमिकों एवं उनके परिवारों के हित में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अभियान के अंतर्गत भगवान विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर अटल आवासीय विद्यालय, लखनऊ में विद्यार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग किया गया तथा उन्हें प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया गया। भगवान विश्वकर्मा जी को नमन करते हुए सभी शिल्पकारों एवं कारीगरों के सुख, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इसी क्रम में Aryan Export Pvt. Ltd. तथा Ashok Leyland में श्रमिक सम्मान के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में श्रमिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए BP, Diabetes एवं ECG सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए गए तथा श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त OHC (Occupational Health Centre) के माध्यम से भी स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें BP, Diabetes एवं ECG आदि की जांच की गई। श्रमिकों एवं संविदा कार्मिकों से स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का आह्वान किया गया।
दिनांक 18 सितम्बर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लेबर अड्डा, पत्रकारपुरम, गोमती नगर, लखनऊ में निर्माण श्रमिकों के पंजीयन हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप के माध्यम से निर्माण श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्रदान करते हुए डिजिटल लेबर चौक ऐप पर पंजीयन कराया गया, जिससे निर्माण श्रमिकों को रोजगार एवं विभागीय सेवाओं से डिजिटल माध्यम से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा सके।
“सेवा संकल्प अभियान” के माध्यम से श्रमिकों को पंजीयन, स्वास्थ्य सुरक्षा, रोजगार तथा विभिन्न श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों एवं विभागीय सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अपर श्रम आयुक्त, लखनऊ क्षेत्र, लखनऊ द्वारा क्षेत्रीय श्रम प्रवर्तन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों तक विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।


