आउटसोर्सिंग का नया रामराज्य, घोषणा 20,000 की, कटौती का खुला खेल!
योगी जी बोले वेतन दो ठेकेदार ने सुना वेतन लो, हिस्सा काट लो

मोहम्मद सैफ
लखनऊ नगर निगम अब सचमुच नए उत्तर प्रदेश की चमकती प्रयोगशाला बन चुका है। यह वह पावन भूमि है, जहाँ मुख्यमंत्री जी की कल्याणकारी घोषणाएँ कागज़ पर सोने के अक्षरों में लिखी जाती हैं, पर ज़मीन पर आते-आते कतरन बन जाती हैं।
हमारे ऊर्जावान मुख्यमंत्री जी ने गरीबों के प्रति असीम करुणा दिखाते हुए, जब UPCOS उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन करवाया, तो सपना था कि अब गरीब आउटसोर्स कर्मचारी को ₹20,000 महीना मिलेगा, समय पर सम्मान के साथ। यह सुनते ही ठेकेदारों की आँखें चमक उठीं। कौन जाने वह खुशी के आँसू थे या आगामी हिस्सेदारी की कल्पना के?
लखनऊ नगर निगम के जोन-1 और 6 में सफाई का ठेका संभाल रही फर्म उज्जवल एसोसिएट के महान ठेकेदार अक्षय अजीत ने मुख्यमंत्री की भावना को अपने व्यापारिक रामराज्य के अनुरूप ढाल लिया।
मुख्यमंत्री जी बोले, वेतन दो! ठेकेदार ने सुना, वेतन लो, काट लो, जेब भर लो! सफाईकर्मी को न वेतन समय पर न पूरा। बल्कि, यहाँ एक नया प्रशासनिक नवाचार हुआ है, कर्मचारी को जबरन स्वैच्छिक छुट्टी पर भेजकर कटौती का नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है।
₹20,000 का सपना? हाँ वह सपना ही रह गया, ठेकेदार की तिजोरी में सुरक्षित, ब्याज कमाता हुआ! जब गरीब कर्मचारी अपना हक माँगने जाता है, तो उसे टाल-मटोल का दिव्य दर्शन मिलता है।
यह सब इतने सुचारु रूप से चल रहा है कि लगता है, भ्रष्टाचार-मुक्त शासन का यह हास्य मॉडल है, जहाँ ठेकेदार और अंदरूनी अधिकारी मिलकर कल्याणकारी योजनाओं का मज़ाक उड़ाते हैं, और सफाईकर्मियों की बदहाली से अपनी रंगीन ज़िंदगी चमकाते हैं। लगता है, यही पार्टनरशिप नए उत्तर प्रदेश की ग्रोथ इंजन बन चुकी है!
हम विनम्रतापूर्वक और भरपूर तंज के साथ मुख्यमंत्री जी से गुजारिश करते हैं, इस मेहनती ठेकेदार और उसके नगर निगम में बैठे सहयोगियों पर ऐसी कठोर कार्रवाई करें कि एहसास हो जाए, गरीबों का पैसा मारना अब नए उत्तर प्रदेश में गैर-सरकारी गतिविधि नहीं रहा!
क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो आपकी शानदार घोषणाएँ कागज़ों पर यूँ ही शोभा बढ़ाती रहेंगी, और ठेकेदारों के खाते विकास की नई ऊँचाइयों को छूते रहेंगे। हमें यकीन है कि आपकी घोषणाओं का सम्मान बचाने के लिए कुछ अभूतपूर्व किया जाएगा, अन्यथा इतिहास इन्हें केवल एक मीठा मज़ाक मानकर आगे बढ़ जाएगा।



