भगवान श्रीराम के चरित्र का मंचन समाज में मर्यादा, सत्य और आदर्श मूल्यों को स्थापित करता है : वीरेन्द्र सचदेवा

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा आज अनेक रामलीला कमेटियों द्वारा आयोजित भूमि पूजन समारोह में शामिल हुए।
श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ के ‘रामलीला’ भूमि पूजन कार्यक्रम में वीरेन्द्र सचदेवा के साथ केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित थे। इसके अलावा श्री धार्मिक लीला कमेटी, माधवदास पार्क ‘रामलीला’ लाल कीला के भूमि पूजन समारोह में गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग भी शामिल हुए।
वीरेन्द्र सचदेवा ने इस मौके पर कहा कि रामलीला समाज में भक्ति, नैतिकता और संस्कारों की ज्योति प्रज्वलित करती है। भगवान श्रीराम के पावन चरित्र का मंचन समाज में मर्यादा, सत्य और आदर्श मूल्यों को स्थापित करता है और उसका साक्षी बनना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि आज के समाज में जहां सब कुछ कमर्शियल हो गया है, वहां रामलीला एक ऐसा माध्यम है जो जन-जन तक भगवान की भक्तिमय बातों को पहुंचाने का काम करता है।
श्री सचदेवा ने कहा कि भक्ति का अर्थ केवल पूजा-पाठ नहीं, बल्कि ईश्वर से जुड़ा एक गहरा, भावनात्मक और प्रेमपूर्ण संबंध है जो जाति, धर्म या भाषा की सीमाओं से परे होता है।



