उत्तर-प्रदेशनई दिल्लीबड़ी खबरलखनऊ

प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचारियों को साथ लेकर हुकूमत करते हैं और दूसरे दलों को भ्रष्टाचारी बोलते हैं : खरगे

नई दिल्ली :  कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचारियों को साथ लेकर हुकूमत करते हैं और दूसरे दलों को भ्रष्टाचारी बोलते हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार के साथ भारत की सीमा में चीन की घुसपैठ को लेकर भी मोदी को जमकर घेरा।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे गुरुवार को चित्तौड़गढ़ में पार्टी प्रत्याशी उदय लाल आंजना के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे।  इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

लोकसभा चुनाव प्रचार का बिगुल फूंकते हुए विशाल भीड़ के बीच खरगे ने कहा कि कांग्रेस ने आम जनता और कार्यकर्ताओं से जो चंदा जुटाया था, नरेंद्र मोदी ने उस चंदे की चोरी की है। कांग्रेस के बैंक खातों से 135 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। आज कांग्रेस के ऊपर 3,567 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। जबकि भाजपा वालों ने जो पैसा लिया, उसका हिसाब नहीं दिया। भाजपा पर करीब 4,600 करोड़ रुपये का जुर्माना बनता है। मोदी हुकूमत में रहते हुए अपने पापों को छिपा रहे हैं और कांग्रेस को दोष दे रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा, प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि मैं भ्रष्टाचार को खत्म कर दूंगा। पहले वे विपक्ष के नेताओं को भ्रष्ट कहते हैं, फिर उन्हीं नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेते हैं। ऐसे 25 नेताओं को प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा में शामिल किया है। प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचारियों को लेकर हुकूमत करते हैं और दूसरे दलों को भ्रष्टाचारी कहते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के पास बहुत बड़ी वॉशिंग मशीन है, जिसमें सभी भ्रष्टाचारी साफ हो जाते हैं। मोदी ने सबके पीछे ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग लगाए हुए हैं।

 

भारत की सीमा में चीन की घुसपैठ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि मेरी 56 इंच की छाती है, मैं डरूंगा नहीं। अगर मोदी डरते नहीं हैं तो फिर चीन के लिए भारत का हिस्सा क्यों छोड़ा। भारत की सीमा में चीन घुसपैठ कर रहा है और प्रधानमंत्री मोदी नींद में हैं।

खरगे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजादी दिलाई। बाबा साहेब अंबेडकर जी और जवाहर लाल नेहरू जी ने लोकतंत्र की रक्षा की, देश को संविधान दिया, इसलिए मोदी जी प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। आज उसी लोकतंत्र और संविधान को मोदी कुचलने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के परिवारवाद वाले बयानों का करारा जवाब देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 1989 से गांधी परिवार से कोई प्रधानमंत्री, मंत्री नहीं बना। सोनिया गांधी खुद प्रधानमंत्री नहीं बनीं, उन्होंने अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह को देश का प्रधानमंत्री बनाया था। गांधी परिवार के सदस्यों ने देश की एकता के लिए अपनी जान दी। गांधी परिवार ने देश के लिए सब कुछ न्यौछावर कर दिया।

खरगे ने प्रधानमंत्री पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि हर साल दो करोड़ नौकरियां दूंगा। काला धन लाकर सबके खाते में 15-15 लाख रुपये दूंगा। किसानों की आय दोगुनी करुंगा। लेकिन उन्होंने किया कुछ भी नहीं, वह सिर्फ झूठे वादे करते हैं। मणिपुर में हिंसा हो रही है, मगर आज तक मोदी मणिपुर नहीं गए। मोदी को देश में बढ़ती बेरोजगारी और विकास की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार मनरेगा लाई। गरीबों को मुफ्त राशन दिया, बच्चों की पढ़ाई के लिए मुफ्त शिक्षा दी। राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने गरीबों के लिए 25 लाख रूपये का मुफ्त इलाज देने का काम किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस के पांच न्याय से जुडी 25 गारंटियां भी गिनाईं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि इन गारंटियों का प्रचार घर-घर जाकर करना है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर यह गारंटियां लागू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस के पक्ष में ज्यादा से ज्यादा मतदान कराकर पार्टी प्रत्याशी को जिताएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button