01 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली तानाशाह ताकतों की नींव हिला देगी : राजेन्द्र पाल गौतम

लखनऊ । उ.प्र. कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में अवध जोन से सम्बन्धित समस्त जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों/पदाधिकारियों, सांसद एवं पूर्व सांसद, निवर्तमान पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्षों, अ0भा0 कांग्रेस कमेटी/प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वर्तमान एवं पूर्व सदस्यों, पूर्व लोकसभा/विधानसभा प्रत्याशियों की आगामी 01 नवम्बर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ऐतिहासिक विशाल रैली की तैयारी हेतु आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में अ0भा0 कांग्रेस कमेटी के प्रभारी उ0प्र0 राजेन्द्र पाल गौतम , प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा‘मोना’ , प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद , अ0भा0 कांग्रेस कमेटी के सचिव-सहप्रभारी उ0प्र0 अब्दुल हन्नान जी मौजूद रहे।
बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों को संकल्प दिलाया कि 01 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली यह विशाल रैली तानाशाह ताकतों की नींव हिला देगी । यह रैली किसी सामान्य राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि देश के संवैधानिक ढांचे को बचाने का महा-आंदोलन है। राहुल गांधी जी के नेतृत्व में कांग्रेस और पूरा विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके हटाए जाने की मांग पर अड़ा हुआ है। उन्होने कहा कि ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम वोट चोरी करके भाजपा को लाभ पहुंचाने का काम कर रहा है जो पूरी तरह असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कृत्य है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक कृत्य के खिलाफ सबसे बड़ी आवाज बनेगा। प्रत्येक जिले, ब्लॉक और विधानसभा स्तर से कार्यकर्ताओं, युवाओं, छात्र संगठनों और नागरिक समाज के लोगों को इस रैली से जोड़ने के लिए विशेष प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।
अ0भा0 कांग्रेस कमेटी सचिव सहप्रभारी उ0प्र0 अब्दुल मन्नान एवं अभिषेक दत्त ने कहा कि इस बार इस आंदोलन में देश के युवा, छात्र संगठन और विभिन्न सामाजिक संगठन भी कांग्रेस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर दिल्ली पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी जी का स्पष्ट मानना है कि यह लड़ाई सिर्फ एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के हर उस नागरिक की है जिसके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा की जा रही एसआईआर की आड़ में बड़े पैमाने पर वोट चोरी का खेल चल रहा है। डिजिटल रिकॉर्ड्स और सॉफ्टवेयर की मदद से पिछड़ा, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों के लाखों मतदाताओं के नाम जानबूझकर वोटर लिस्ट से काटे जा रहे हैं। राहुल गांधी जी की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जा चुका है और अब 01 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इस ऐतिहासिक रैली के माध्यम से ज्ञानेश कुमार को पद से हटाये जाने के संघर्ष की अंतिम कड़ी होगी।
बैठक में उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद एवं देवेन्द्र निषाद सहित सैंकड़ों की संख्या में पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



